भारतीय जनता युवा मोर्चा में नगर अध्यक्ष पद को लेकर चल रही खींचतान का
मामला शनिवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष के पास भी पहुंच गया। इस पर उन्होंने
दोनों नगर अध्यक्षों शिवांग रस्तोगी और संजू शर्मा से बातचीत की। क्षेत्रीय
अध्यक्ष ने कहा कि नगर अध्यक्ष कौन रहेगा इसका अंतिम निर्णय भाजयुमो के
प्रदेश अध्यक्ष करेंगे।
शहर में भाजयुमो नगर अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान
मची है। संगठन का एक धड़ा जहां नगर अध्यक्ष संजू शर्मा को मान रहा है तो
दूसरा शिवांग रस्तोगी के पक्ष में है। नगर अध्यक्ष पद को लेकर जिला से लेकर
प्रदेश स्तर तक असमंजस है। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कटियार और भाजयुमो
प्रदेश अध्यक्ष जहां शिवांग रस्तोगी के पक्ष में हैं तो वहीं भाजयुमो
जिलाध्यक्ष अजित महाजन और भाजयुमो क्षेत्रीय अध्यक्ष सुजीत चंदेल संजू का
पक्ष ले रहे हैं।
शनिवार को बैठक लेने आए क्षेत्रीय अध्यक्ष बालचंद्र मिश्र
के संज्ञान में जब यह मामला आया तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया।
उन्होंने बैठक के बाद शिवांग रस्तोगी और संजू शर्मा से अलग कमरे में बात
की। शिवांग ने अपनी समस्या बताई तो संजू शर्मा ने बताया कि वह भाजयुमो
जिलाध्यक्ष व क्षेत्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर नगर अध्यक्ष पद पर कार्य कर
रहे हैं। इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजयुमो जिलाध्यक्ष व
क्षेत्रीय अध्यक्ष को किसी भी कार्यकर्ता को हटाने और रखने का
अधिकार है
लेकिन प्रक्रिया ठीक होनी चाहिए। बताया कि इस मामले में अंतिम निर्णय
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष राय को करना है। अगर वह नहीं सुनते हैं तो
फिर वह इस मामले में हस्तक्षेप करेंगे। इस संबंध में नगर अध्यक्ष शिवांग
रस्तोगी और संजू शर्मा ने मोबाइल पर बताया कि क्षेत्रीय अध्यक्ष के सामने
उन लोगों ने अपनी-अपनी बात रखी है। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने भाजयुमो के प्रदेश
अध्यक्ष पर अंतिम निर्णय डाल दिया है।