भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि सूबे की सरकार और जिले के अधिकारियों के असहयोग से विकास कार्य बाधित हो रहा है। सांसद ने रेल बजट में जिले को दिए गए चार ओवरब्रिज व विद्युतीकरण के लिए रेल मंत्री को धन्यवाद दिया।
शनिवार को आवास विकास स्थित मनकामेश्वर होटल में सांसद मुकेश राजपूत मीडिया से रूबरू हुए। इन्होंने कहा कि जिले चार फ्लाई ओवर मिलना बड़ी बात है। इसके अलावा कानपुर कासगंज मथुरा 352 किलोमीटर रेलवे लाइन के दोहरीकरण के लिए सर्वे को स्वीकृति दी गई है। सांसद ने बताय कि अलीगढ़ से कासगज और फर्रुखाबाद से शाहजहांपुर होते हुए मैलानी तक सर्वे कार्य के लिए धन आवंटित किया गया है। इन्होंने बताया कि मथुरा-कासगंज- कल्याणपुर और शिकोहाबाद से फर्रुखाबाद तक रेलवे लाइन के विद्याुतीकरण के लिए धन आवंटित कर दिया गया है। सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार और अधिकारी सहयोग करें तो जिले का विकास सैफई की तर्ज पर करवाने की उनकी मंशा पूरी हो सकती है। कोल्ड स्टोरेज में आलू भंडारण की बात पर सांसद ने कहा कि अभी सभी कोल्ड स्टोर फु ल नहीं हुए हैं।
कहा कि दो महीने तक खेत में पेड़ के नीचे छांव में आलू को ढककर रखा जा सकता है। सांसद ने कहा कि कई बार प्रयास करने के बावजूद फतेहगढ़ में बनने वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए प्रस्ताव नहीं भेजा जा सका है। सांसद ने कहा कि जिले की सड़कों की दुर्दशा सुधारने के लिए मुख्यमंत्री को कई बार पत्र लिखकर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया गया है। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बरेली में होने वाली किसान स्वाभिमान रैली के प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि रैली में 5500 लोगों को ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी के सभी नेता एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं।
सांसद ने प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई को कासगंज से आगरा जाते समय रोके जाने पर कहा कि यह तो लोकतंत्र की हत्या है। एक सवाल के जवान में सांसद ने कहा कि दैवी आपदा से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने ज्यादा धन आवंटित किया था। किसानों तक सहायता मुंह देखकर पहुंचाई गई है। सूबे में भाजपा की सरकार बनने पर हुूए घोटाले की जांच करवाई जाएगी।