डंडा मारकर गिराया, नकदी-बाइक लूटी
कंपिल। सिवारा-भैसरी गांव के रास्ते पर शनिवार रात हथियारबंद बदमाशों ने डंडा मारकर बाइक सवारों को गिरा दिया। एक बाइक सवार तो भाग गया लेकिन दूसरे से बदमाशों ने तमंचे के बल पर रुपये, मोबाइल और बाइक लूट ली। आरोप है कि पीड़ित के भाई ने सूचना दी इसके बावजूद चौकी इंचार्ज नहीं पहुंचे। रविवार सुबह कोतवाली जाकर लूट की तहरीर दी।
थाना क्षेत्र के गांव रौकरी निवासी ग्रामीण सत्यवीर पुत्र अजय सिंह शनिवार दोपहर बाइक से ट्रैक्टर वाली चारा मशीन लेने नगला बीच गए थे। उनके साथ गांव के मुलायम सिंह पुत्र देव सिंह भी थे। देर रात दोनों सिवारा से भैसरी गांव जाने वाले कच्चे रास्ते से घर लौट रहे थे। बाइक मुलायम चला रहे थे।
रास्ते में करीब छह हथियारबंद बदमाश खड़े थे। बदमाशों ने बाइक सवारों पर डंडे से हमला कर दिया। इससे बाइक सवार गिर गए। मुलायम तो भाग निकला लेकर सत्यवीर को बदमाशों ने पकड़ लिया और तमंचा के बल पर 25 हजार रुपये, बाइक, मोबाइल लूट लिया। घर जाकर सत्यवीर ने भाई ओमकार को वारदात की जानकारी दी। रविवार को सुबह थाने जाकर लूट की तहरीर दी।
ओमप्रकाश ने आरोप लगाया कि शनिवार रात ही सिवारा चौकी इंचार्ज डीपी गौतम को लूट की सूचना दे दी थी लेकिन वह मौके पर नहीं आए। एसओ जेपी यादव ने कहा कि तहरीर मिली है जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। चौकी इंचार्ज सूचना के बाद भी मौके पर क्यों नहीं गए, इस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।