फर्रुखाबाद/कमालगंज। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर की विशेष पूरक परीक्षा छह अक्तूबर से शुरू होगी। पूरक परीक्षा के लिए एलवाई डिग्री कॉलेज कायमगंज व आरपी डिग्री कॉलेज कमालगंज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
सत्र 2024-25 के अंतर्गत स्नातक पंचम व षष्ठम सेमेस्टर एवं परास्नातक तृतीय व चतुर्थ सेमेस्टर की विशेष पूरक परीक्षा छह अक्तूबर से जिले के दो केंद्रों पर होगी। एलवाई डिग्री काॅलेज कायमगंज के प्राचार्य प्रो. विनय कुमार सिंह का कहना है कि केंद्र पर 38 कॉलेजों के छात्र-छात्राएं विशेष पूरक परीक्षा देंगे। अभी परीक्षार्थियों के विवरण नहीं आया है।
आरपी डिग्री कॉलेज कमालगंज के प्राचार्य डॉ. एपी चौरसिया ने शिक्षकों के साथ परीक्षा तैयारी पर विचार विमर्श किया। केंद्र पर मुख्यालय के बद्रीविशाल काॅलेज, डीएन काॅलेज, एनएकेपी, भारतीय महाविद्यालय व कन्नौज के पीएसएम कॉलेज, गौतम बुद्ध महाविद्यालय सहियापुर सहित नौ कॉलेजों के छात्रों का केंद्र है।
बीए, बीएससी पंचम सेमेस्टर के प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा छह अक्तूबर को सुबह 9 से 10.30 व द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा आठ अक्तूबर को इसी पाली में होगी। वहीं षष्ठम सेमेस्टर के प्रथम पत्र की परीक्षा छह अक्तूबर को सायं तीन से 4.30 बजे व द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा आठ अक्तूबर को इसी पाली में होगी।
एमए, एमएससी के तृतीय सेमेस्टर का पेपर छह अक्तूबर को दोपहर 12 से 1.30 बजे व चतुर्थ सेमेस्टर का पेपर आठ अक्तूबर को इसी पाली में होगा। नौ अक्तूबर को पाठ्य सहगामी क्रियाओं का पेपर होगा।