फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परीक्षाओं में बोल-बोल कर नकल

Mon, 02 Mar 2015 11:28 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला फर्रुखाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
यूपी बोर्ड की चल रही परीक्षाओं के साथ विश्वविद्यालय की परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गई हैं। परीक्षाओं में नकल रोकने की कवायद सिर्फ कागजों तक सीमित है। कई परीक्षा केंद्रों पर नकल का तरीका बदल दिया गया है। प्रश्नपत्र वितरण के बाद परीक्षार्थियों को बोल बोल कर नकल कराई जा रही है।
विज्ञापन


यूपी बोर्ड की परीक्षा में केंद्रों पर सचल दल के आने की केंद्रों पर पहले ही सूचना मिल जाती है। यह जिम्मेदारी स्कूल के कर्मचारी भलीभांति निभाते हैं। ऐसा ही माहौल सोमवार को इंटर और हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा के साथ विवि परीक्षा में भी दिखाई दिया।

डीआईओएस और बीएसए ने पकड़ी नकल
सोमवार को प्रथम पाली में इंटर समाज शास्त्र प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा में डीआईओएस और बीएसए के सचल दल ने एक-एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ लिया। अब तक पांच नकलची पकड़े जा चुके हैं। हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान के प्रश्नपत्र की 3094 ने परीक्षा छोड़ दी। इंटरमीडिएट समाज शास्त्र प्रथम प्रश्नपत्र की सोमवार को सुबह पाली में परीक्षा हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल ने जवाहर लाल नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हुसैनपुर नवाबगंज में छापा मारा।
विज्ञापन


यहां कक्ष संख्या 11 में नकल करते छात्र को पकड़ लिया। इसके पास से माडल पेपर का पन्ना बरामद हुआ। इसे दूसरी कापी दी गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी योगराज सिंह ने गंगापार महात्मा गांधी इंटर कालेज राजेपुर में टीम के साथ छापा मारा। यहां कक्ष संख्या 6 में छात्रा को नकल करते पकड़ लिया । डायट प्रवक्ता रिचा यादव, प्रधानाचार्य एपी सिंह और डायट प्रवक्ता राजेश यादव ने परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी की।

इन्हें नकल नहीं मिली। अब तक नकल में पकड़े गए परीक्षार्थियों की संख्या पांच हो गई है। शाम पाली में काष्ठ शिल्प, ग्रंथशिल्प, सिलाई द्वितीय प्रश्नपत्र और सामान्य आधारिक विषय के द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। सुबह पाली में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान परीक्षा में 26956 पंजीकृत थे। इनमें 23662 परीक्षा में शामिल हुए और 3094 ने परीक्षा छोड़ दी।

सचल दल पहुंचा तो कुंडी खटकाकर दी जानकारी
कमालगंज के मैकूलाल इंटर कालेज सिरौज में बोल बोल नकल कराए जाने की जानकारी से अफसरों में हड़कंप मच गया। सचल दल के पहुंचते ही गेट पर खडे़ कर्मचारी ने कुंडी खटका कर जानकारी दी। सचल दल को परीक्षा केंद्र पर कोई नहीं मिला। सोमवार को सुबह पाली में इंटर मीडिएट समाजशास्त्र प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा में मैकूलाल इंटर कालेज सिरौज में बोल बोल कर नकल कराए जाने की जानकारी अफसरों को हुई।

अधिकारियों ने इसे हल्के में लिया। पेपर समापन के दौरान डायट प्रवक्ता राजेश यादव का सचल दल परीक्षा केंद्र पर पहुंचा। इस पर यहां मौजूद कर्मचारी ने गेट की कुंडी खटकाई। इसके बाद टीम अंदर गई। यहां नकल करते हुए कोई नहीं मिला। बोल-बोल नकल कराए जाने और इसके लिए  एक हजार से डेढ़ हजार रुपये लिए जाने की डीआईओएस को जानकारी दी गई। डीआईओएस भगवत पटेल ने कहा कि डीएम साहब ने परीक्षा केंद्र पर हर किसी के प्रवेश पर रोक लगाई है।

नकल कराने के नाम पर रुपये लिए जाने की जानकारी नहीं है। इसे दिखवाया जाएगा। एसडीएम सदर सुनील वर्मा का कहना है कि सामाजिक विषय और समाज शास्त्र कोई बड़ा महत्वपूर्ण पेपर नहीं है। अंग्रेजी के पेपर में दवाब बनाया जाएगा। कालेज में तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट राजीव गुप्ता का कहना है कि स्कूल डबल स्टोरी में बना है।

जब वह ऊपर की स्टोरी में जाते हैं तो नीचे शोर होने लगता है और जब नीचे आते हैं तो ऊपर शोर होने लगता है। केंद्र व्यवस्थापक शिवपाल सिंह यादव ने बताया कि नकल कराने के नाम पर रुपये लिए गए हैं इसकी जानकारी नहीं है। परीक्षा केंद्र पर नकल नहीं हो रही है। बोल बोल कर नकल कराने का मामला गलत है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें