फर्रुखाबाद। स्पा सेंटर में अनैतिक कार्य की सूचना पर सीओ सिटी की अगुवाई में कई थानों की पुलिस ने दबिश मारी। पुलिस को मिजोरम व बरेली की चार युवती मिलीं। पुलिस ने स्पा सेंटर के डीवीआर व काउंटर में मिले कैश कब्जे में ले लिया।
कादरीगेट थाना क्षेत्र की चौकी आईटीआई में मुरारी हॉस्पिटल के सामने एक मुस्लिम युवक की बिल्डिंग है। उसकी तीसरी मंजिल पर काफी समय से एक स्पा सेंटर चल रहा है। स्पा सेंटर में अनैतिक कार्य होने की सूचना आसपास के लोग पुलिस सहित अन्य अधिकारियों को दे रहे थे।
सोमवार को सीओ सिटी एश्वर्य उपाध्याय, तहसीलदार श्रद्धा पांडेय, सीओ प्रशिक्षु अजय वर्मा, महिला थाने की एसओ पूनम अवस्थी, कादरीगेट एसओ आमोद सिंह, एंटी राइट ह्यूमन थाने के इंस्पेक्टर हरिनंदन ओझा व थाने की रिजर्व पुलिस ने एक साथ दबिश मारी।
तीसरी मंजिल पर स्पा सेंटर में पहुंची पुलिस को मिजोरम राज्य की दो युवती मिलीं। पूछने पर पता चला कि उनको एक सप्ताह पहले ही यहां लाया गया था।
दो युवतियां जनपद बरेली की भी मिली हैं। वह काफी समय से यहां काम कर रही थीं। पुलिस ने स्पा सेंटर के सभी कमरों की तलाशी ली। स्पा सेंटर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे थे। पुलिस ने डीवीआर को कब्जे मेें ले लिया। काउंटर में मिले रुपये भी पुलिस ने कब्जे में लिए।
स्पा सेंटर की संचालक युवती मौके पर नहीं मिली है। पुलिस की टीम वहां गहनता से छानबीन कर रही है। कुछ देर बाद बुलाने पर संचालक महिला मौके पर पहुंची। पुलिस ने उससे पूरे मामले में पूछताछ की। संचालिका ने स्पा लाइसेंस सहित अन्य प्रपत्र दिखाए। सूत्रों की माने तो मौके से एक लाख रुपये की बरामदगी हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक डाॅ. संजय कुमार ने बताया कि स्पा सेंटर पर पुलिस की जांच अभी चल रही है। स्पा सेंटर के सारे प्रपत्र और जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहना संभव हो सकेगा।