सपा से टिकट कटने के बाद कायमगंज के निवर्तमान विधायक अजीत कठेरिया ने बुधवार को नामांकन पत्र खरीदकर बगावती तेवर दिखाए। अजीत का टिकट काटकर भाजपा से आईं डॉ. सुरभि गंगवार को अंतिम समय में प्रत्याशी बनाया गया था, जिससे नाराज कठेरिया पार्टी से बागी होकर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गए हैं।
कायमगंज विधानसभा क्षेत्र के निवर्तमान विधायक अजीत कठेरिया का टिकट पहले मुलायम सिंह ने संगठन की ओर से जारी सूची से काट दिया। सैफई घराने में सूची को लेकर बड़ी तकरार के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अजीत कठेरिया को प्रत्याशी बना दिया। फाइनल सूची में भी अजीत कठेरिया का नाम दर्ज किया गया।
नामांकन से दो दिन पहले भाजपा से आईं डा. सुरभि सिंह को टिकट दे दिया गया। डा. सुरभि को टिकट देने से अजीत कठेरिया ने बागी सुर तेज कर दिए हैं। इसी के चलते बुधवार को अपने नाम से नामांकन पत्र खरीदा है।
इस संबंध में सपा जिलाध्यक्ष नदीम फारूकी ने कहा कि हर व्यक्ति अपने आप में स्वतंत्र है। फिलहाल उन्हें निवर्तमान विधायक द्वारा नामांकन पत्र खरीदने के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उधर, अजीत कठेरिया से जब फोन से संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।