फर्रुखाबाद। पुलिस अधीक्षक के स्टेनो व हेड पेशी में क्राइम मीटिंग की बुकलेट बनाने को लेकर गुरुवार रात विवाद हो गया। मौके पर एक दूसरे को देख लेने की धमकी भी दी गई। रात में ही स्टेनो ने एसपी से दुखड़ा रोया और हेड पेशी में दूसरे दीवान की तैनाती कर दी गई।
एसपी के स्टेनो काफी समय से विवादों में हैं। कुछ दिन पहले सिपाही श्रीप्रकाश ने वीडियो वायरल कर पोस्टिंग के नाम पर स्टेनो पर रुपये मांगने का आरोप लगाया था। बाद में सीओ सिटी ने जांच कर सिपाही को ही दोषी ठहरा दिया था। गुरुवार रात एसपी के बंगले पर स्टेनो ने हेड पेशी रामआज्ञा तिवारी से कहा कि एसपी व एएसपी के अलावा उनके लिए भी क्राइम मीटिंग की बुकलेट की एक कॉपी बनाकर दे। इस पर दोनों मेें बहस होने लगी। दोनों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी। तभी अन्य पुलिसकर्मी आ गए और बीचबचाव कर मामले को रफा दफा किया गया। रात में स्टेनो ने एसपी डॉ. अनिल मिश्र से हेड पेशी की शिकायत की। इसके बाद रात में ही डीसीआरबी कार्यालय में तैनात दीवान मुनेंद्र की हेड पेशी में तैनाती कर दी गई। शुक्रवार सुबह एसपी ने हेड पेशी समेत सभी मुंशियों को तलब कर क्लास लगाई। एसपी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि धमकी नहीं दी गई थी। परिवार में कुछ कहासुनी हो गई थी। दोनों लोगों को बुलाकर मतभेद को दूर करा दिया गया।