नवाबगंज। बस की टक्कर से पुत्र की मौके पर मौत हो गई। पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता-पुत्र दिल्ली से रोडवेज बस से आ रहे चचेरे भाई को लेने के लिए सड़क किनारे पर इंतजार कर रहे थे।
थाना क्षेत्र के गांव सादिकपुर निवासी विमल कुमार दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। वह 24 मार्च को रोडवेज बस से दिल्ली से वापस आ रहा था। उसने चचेरे भाई रोहिताश(18) को गांव के बाहर से ले जाने के लिए कहा। लगभग एक बजे रात को रोहिताश पिता अशोक कुमार के साथ सड़क किनारे पर खड़ा बस का इंतजार कर रहा था।
उसी दौरान कायगंज की ओर से आ रही बस ने रोहिताश व पिता अशोक कुमार के टक्कर मार दी। रोहिताश की मौके पर मौत हो गई। पिता अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ने सौ मीटर दूरी पर बस रोक कर विमल को उतार दिया। उसके बाद तेजी से बस भगा ले गया।
विमल ने बताया कि चालक को बस रोकने के लिए कहा, लेकिन उसने बस नहीं रोकी और चाचा व भाई के टक्कर मार दी। सूचना पर मां सुदामा, भाई राघवेंद्र, अनीश मौके पर पहुंचे। सभी दहाड़े मारकर रोने लगे। होली के दिन रोहिताश का अंतिम संस्कार किया गया।