बेटा, बहू संग डीएम से गुहार लगाने पहुंचा वृद्ध
फर्रुखाबाद। सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बेटों व बहू संग 71 साल के वृद्ध मातादीन डीएम मानवेंद्र सिंह से मिलने पहुंचे। कहा कि वह कमालगंज के मोहल्ला नई बस्ती में रहते हैं। सगे भाई पातीराम ने धोखा देकर पिपरगांव की जमीन का बैनामा करवा लिया।
पता चलने पर पातीराम, उनके पुत्र सूरज और कमालगंज के बिचपुरी गांव के सुजीत पुत्र जगदीश के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवा दिया है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर बैनामा निरस्त किया जाए। कहा कि वह बेहद गरीब हैं। डीएम के सामने कुल 92 शिकायतें आईं। इनमें से 15 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस में एसपी डा. अनिल मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य ने भी जनता की समस्याएं सुनीं। सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद संबंधी रहीं। इनमें डीएम ने कहा कि इन सभी मामलों के दोनों पक्ष थाना दिवस में बुलाया जाए।
वहीं गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण हर हाल में कराया जाए। निर्देश दिए कि जो भी शिकायतें विभागों में भेजी जा रही हैं, उनका 15 दिन में हर हाल में निस्तारण किया जाए। इससे ज्यादा दिन यदि लगे, तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।
पंचायत घर निर्माण में रोड़ा बने भूमाफियाओं की शिकायत
फर्रुखाबाद। कमालगंज ब्लाक के गांव बर्नाबुजुर्ग में ग्रामसभा की जमीन पर पंचायत घर का निर्माण प्रस्तावित है। इस भूमि पर गांव के ही कुछ भूमाफियाओं की नजर है। लिहाजा वह पंचायत घर बनने में रोड़ा बन रहे हैं। गांव के 50 महिला-पुरुष तहसील पहुंचे और डीएम को पीड़ा सुनाई।
कहा कि गांव के दो लोग पंचायतघर नहीं बनने दे रहे। मांग की कि लेखपाल, कानूनगो को पुलिस बल के साथ भेजकर पंचायतघर का निर्माण कराया जाए। पत्र देने वालों में शैलेंद्र कुमार, कन्हैया लाल, नीरज देवी, श्याम कुमार, मनोरमा, नरेंद्र सिंह, दीपक, प्रियंका, कन्हैयालाल, मोहिनी, बालकराम, आदि थे।
डीएम ने कोतवाल को किया तलब
दिल्ली ख्याली कूंचा के काजी जफर अहमद डीएम के पास पहुंचे। उन्होंने कहा कि 21 सितंबर को एक जमीन का बैनामा किया था। आठ लाख रुपये बकाया रह गए थे। बैनामा कराने के बाद नहीं दिए जा रहे हैं। यही नहीं उन्होंने वक्फ की जमीन पर अवैध कब्जे की बात भी बताई। डीएम ने तुरंत ही कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय को तलब किया। उन्होंने पूरे मामले का निस्तारण करने के निर्देश दिए। जफर अहमद को शाम पांच बजे तिकोना चौकी पर समझौते के लिए बुला लिया गया है।
पुलिस नहीं बनने दे रही मकान
फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाने के गांव कुइया बूट के इंजीनियर कुणाल शाक्य ने डीएम को पत्र दिया। कहा कि उसका मानचित्र पास है। सिटी मजिस्ट्रेट ने अनापत्ति प्रमाण पत्र दे दिया है। तहसील से पैमाइश भी करवा चुके हैं। उनकी कुछ जमीन नींव के बाद भी बच गई है। बावजूद इसके थाना पुलिस मकान नहीं बनने दे रही है। यही नहीं अभद्रता भी की जाती है। उसने मकान बनवाने की मांग की है।