शमसाबाद। पीठासीन अधिकारी के एक बुजुर्ग का वोट हाथ पकड़ कर मतपेटिका में डलवाने से गुस्साए प्रधान पद के एक प्रत्याशी का पीठासीन अधिकारी से विवाद हो गया। प्रत्याशी को मतदान केंद्र से बाहर निकाल दिया तो गुस्साए समर्थकों ने मतदान केंद्र पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव से कायमगंज मजिस्ट्रेट के वाहन का शीशा टूट गया। इस वाहन से एसडीएम और सीओ बूथ पर पहुंचे थे। पथराव में एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। सीओ ने हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम सभा अलियापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र पर शनिवार सायं करीब 4.20 बजे एक बुजुर्ग वोट डालने के लिए आए। पीठासीन अधिकारी ने बुजुर्ग का वोट अपने हाथ से मतपेटिका में डलवा दिया। यह देख मतदान केंद्र के बाहर खड़े प्रधान पद के प्रत्याशी गुलाब सिंह ने इसका विरोध किया। गुलाब सिंह की पीठासीन अधिकारी से नोकझोंक होने लगी। पुलिस ने समझा-बुझाकर गुलाब सिंह को मतदान केंद्र से बाहर निकाला।
इसी दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने मतदान केंद्र पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव से सिपाही तौफीक हुसैन घायल हो गए। इसके साथ ही कायमगंज मजिस्ट्रेट की खड़ी गाड़ी का शीशा टूट गया। सूचना मिलने पर सीओ कायमगंज प्रकाश कुमार, एसडीएम कायमगंज अजीत प्रताप और एसओ कुलदीप दीक्षित फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ दिया। पुलिस ने घायल सिपाही तौफीक हुसैन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमसाबाद में भर्ती कराया। सीओ कायमगंज ने चौकी इंचार्ज इंद्रपाल को पथराव करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। एसओ कुलदीप दीक्षित ने बताया कि पथराव करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।