बेड के अलावा रेशमी गद्दे, चादर, तकिया, झूला लोगों की पहली पसंद बना हुआ है।
- फोटो : अमर उजाला
जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल सोफे और बेड पर आराम फरमायेंगे। उनके जन्म को हाईटेक मनाने की तैयारियां तेजी से शुरू हो गईं हैं। बेड के अलावा रेशमी गद्दे, चादर, तकिया, झूला लोगों की पहली पसंद बना हुआ है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ के बाजारों में बुधवार को रौनक रही। मुकुट, मोरपंख, बांसुरी, वस्त्र, विग, ज्वैलरी की डिमांड ज्यादा है। डिजाइनर सोफा सेट, बेड को आर्टिफिशियल फूलों और मोती से बड़े ही करीने के साथ सजाए गए थे। इनकी कीमत 80 से 500 रुपये तक है। इसके साथ ही ड्रेस मैचिंग के मुकुट व रंग-बिरंगे छोटे-छोटे हैट भी लोगों को भा रहे थे।
इन हैटों की कीमत 20 से 300 रुपये थी। इसके साथ ही रेशम, कुंदन, जरदोजी और मोती वर्क से तैयार ड्रेसें लोग खरीदते नजर आए। इसके साथ ही लड्डू गोपाल के आराम के लिए आकर्षक झूले और टोकरियां भी बाजार में मौजूद हैं। दुकानदार अशोक कुमार ने बताया कि सोफा और बेड का आकर्षण बढ़ा है।
राजीव गांधी नगर की लक्ष्मी पांडेय उत्साह से कहती हैं कि आधुनिकता के इस दौर में कान्हा का जन्मदिन भी वह हाईटेक तरीके से ही मनाएंगी। लड्डू गोपाल के लिए सारी साज सज्जाएं खरीद ली हैं।