अमृतपुर। ब्लाक राजेपुर क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक अलादपुर भटौली के एक कमरे में छह माह से सीमेंट भरी बोरियां रखी हैं। इससे बच्चे एक ही कमरे में पढ़ रहे हैं। प्रधानाध्यापक ने बोरियां हटवाने की मांग की है।
गांव अलादपुर भटौली में बाढ़ से बचने के लिए गंगा की धारा मोड़ने को सीमेंट मंगवाई गई थी। इन सीमेंट की बोरियों को करीब छह माह पहले पूर्व माध्यमिक विद्यालय अलादपुर भटौली में रखवा दिया गया था। स्कूल में दो ही कमरे हैं। इससे बच्चों को एक ही कमरे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है।
ठेकेदार ने प्रधानाध्यापक से कहा था कि 10-15 दिन में बोरियां हटवा लेंगे। प्रधानाध्यापक रमेश प्रताप सिंह ने बताया कि कई बार उन्होंने ठेकेदार से बोरियां हटवाने को कहा था लेकिन बोरियां नहीं हटवाई गई हैं। उन्होंने जिलाधिकारी और प्रभारी जिला बेसिक शिक्षाधिकारी से मांग की है कि स्कूल के कमर से सीमेंट की बोरियों को हटवाया जाए।