फर्रुखाबाद। 900 बोरी यूरिया की कालाबाजारी के आरोप में परिवहन ठेकेदार और पांच ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ जिला कृषि अधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराया है। पीसीएफ गोदाम से निकले खाद लदी ट्रैक्टर ट्रॉली एसडीएम ने राइस मिल में पकड़ी थी। एसडीएम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सीकर खाद पीसीएफ के प्रभारी जिला प्रबंधक के सुपुर्द कर दी थी।
सातनपुर के पीसीएफ गोदाम से सहकारी समितियों पर खाद पहुंचाने के लिए मे. डीएस ट्रांसपोर्ट कैरियर फर्म को ठेका दिया गया है। 10 दिसंबर को तीन समितियों पर 900 बोरी यूरिया पहुंचाने के लिए चार वाहनों के चालान
पीसीएफ गोदाम से काटे गए। ठेकेदार ने पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली में खाद लोड कराई। समितियों पर भेजने के बजाए खाद लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ठेकदार ने राजा नगला स्थित अपनी राइस मिल में खड़ी करा लीं।
सूचना पर एसडीएम सदर संजय कुमार सिंह ने खाद से पांचों ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ ली थीं। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी से 900 बोरी यूरिया सीज कराकर पीसीएफ के प्रभारी जिला प्रबंधक के सुपुर्द कर दी थी।
दो चालान पर तीन वाहनों में जहानगंज समिति पर 400 बोरी यूरिया ले जाने में पीसीएफ जिला प्रबंधक से स्पष्टीकरण भी मांगा गया था। अभी तक उन्होंने जवाब नहीं दिया। जिला कृषि अधिकारी डॉ.राकेश कुमार सिंह ने फतेहगढ़ कोतवाली में गांव राजा नगला रमपुरा निवासी परिवहन ठेकेदार, ट्रैक्टर चालक सर्वेश, नीलू, बृजराज, अनुराग व बल्ले के खिलाफ खाद की कालाबाजारी का मुकदमा दर्ज कराया है।
पहले दर्ज मुकदमे में कार्रवाई नहीं
पीसीएफ गोदाम से 19 अक्तूबर को निकला 470 बोरी एनपीके लदा ट्रक सेंट्रल जेल चौराहा स्थित पेट्रोलपंप पर एसडीएम सदर ने पकड़ा था। जिला कृषि अधिकारी ने 20 अक्तूबर को परिवहन ठेकेदार के पुत्र बॉबी यादव, तत्कालीन पीसीएफ जिला प्रबंधक मोहित गुप्ता, दो भंडार नायक व पेट्रोलपंप मालिक के खिलाफ कालाबाजारी का मुकदमा दर्ज कराया था। जिला प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया था लेकिन अन्य किसी पर कार्रवाई नहीं की गई थी।
छह खाद विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त
फर्रुखाबाद। जिला कृषि अधिकारी डॉ.राकेश कुमार सिंह ने छह जुलाई को खाद की दुकानों का निरीक्षण किया। सिंगल सुपर फास्फेट खाद के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे थे। छह नमूने फेल होने पर विक्रेताओं को नोटिस जारी किए गए थे। किंतु विक्रेताओं ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इस पर भारतीय किसान यूनियन सेवा केंद्र सेंट्रल जेल तिराहा, दीपक खाद भंडार नगला कोठी, यादव खाद भंडार नवाबगंज, मेसर्स मिश्रा कृषक सेवा केंद्र ज्योना नवाबगंज, एके खाद भंडार नवादा मोहम्मदाबाद, अगस्त्या खाद भंडार मेरापुर का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। विक्रेताओं को 30 दिन में दुकान में खाद के स्टॉक का विवरण व पॉस मशीन जमा करने के निर्देश दिए हैं।
यूरिया न मिलने से भटक रहे किसान
शमसाबाद। फसलों में डालने के लिए किसानों को यूरिया की जरूरत है। किंतु समितियों पर किसानों को यूरिया नहीं मिल रही है। कृषक सेवा केंद्र मंझना में सोमवार सुबह किसान पहुंच गए थे लेकिन वहां ताला लगा मिला। किसान संतोष कुमार ने बताया कई दिन से चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन खाद नहीं मिल रही है। गांव बैरमपुर निवासी नरेंद्र सिंह ने बताया कि आठ दिन से यूरिया के लिए परेशान हैं। कृषक सेवा केंद्र के प्रभारी सुधांशु शुक्ला ने बताया कि केंद्र पर रखी पुरानी खाद की बोरी किसान नहीं ले रहे हैं। खाद की डिमांड भेजी है, आने पर वितरित की जाएगी।