अमृतपुर। ग्रामीण क्षेत्र में दस घंटे बिजली सप्लाई दिए जाने का रोस्टर लागू है, लेकिन ग्रामीणों को पांच से छह घंटे बिजली मिल रही है। यह बिजली रात में मिलने के कारण ग्रामीण फसल में पानी नहीं लगा पाते। इस कारण ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने दिन में बिजली सप्लाई दिए जाने की मांग उठाई है।
अमृतपुर क्षेत्र में ग्रामीण इलाकों में में 10 घंटे बिजली दिए जाने का रोस्टर लागू है। इसमें दिन में दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक और रात में एक से प्रात: 6 बजे तक बिजली दी जानी है। ग्रामीण इलाकों में सिर्फ रात के समय बिजली दी जा रही है। आधी रात में बिजली आने पर गांव के लोग न तो खेत में पानी लगा पाते हैं और न हीं कोई अन्य कार्य को अंजाम दे पाते हैं।
ग्रामीण वीर भार सिंह, सुरेश चंद्र, संदीप कुमार, बृजेश सिंह, अवधेश कुमार, विनोद प्रकाश द्विवेदी, प्रभाकर त्रिवेदी का कहना है कि रात में बिजली आपूर्ति होने से दिक्कत होती है। इसका वह उपभोग नहीं कर पाते हैं। दस घंटे के रोस्टर के बजाय सिर्फ पांच से छह घंटे ही बिजली मिल रही है। दिन के रोस्टर के समय बिजली दी जाए। इससे गांव के लोग खेतों में पानी लगा सकें। रात के बजाय शाम के समय बिजली दी जाए।
अवर अभियंता वेद प्रकाश ने बताया कि दिन के समय हवा के कारण बिजली सप्लाई बाधित हो जाती है। इस कारण आपूर्ति नहीं दी जाती है। शाम को बिजली देने का आदेश नहीं है। रात में आपूर्ति दी जाती है।