फर्रुखाबाद। दरोगा की लापरवाही के चलते ग्राम सभा हमीरपुर सोमवंशी में बने बूथ पर साढ़े छह घंटे तक मतदान बाधित रहा। दरोगा ने दुकान बंद कर रहे ग्रामीण को पीट दिया और एजेंटों के बस्ते फेंक दिए। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। सूचना पर पहुंचे उप जिलाधिकारी और सीओ अमृतपुर ने ग्रामीणों को मतदान करने के लिए समझाया। पीड़ित के भाई ने सीओ सिटी को दरोगा के खिलाफ तहरीर दी। ग्रामीणों के न मानने पर अफसर बैरंग लौट गए। दोपहर बाद ग्रामीणों ने खुद ही मतदान करना शुरू किया।
ग्राम सभा हमीरपुर सोमवंशी स्थित प्राथमिक पाठशाला में मंगलवार सुबह करीब 7 बजे मतदान शुरू हो गया। पुलिस की सख्ती से बूथ स्थल से करीब ढाई सौ मीटर दूरी पर शिव कुमार सिंह अपनी परचून की दुकान बंद करने लगा। तभी दरोगा सुरेशचंद्र गालीगलौज करते हुए पीटने लगा।
दरोगा ने बस्ते लगाए लोगों को लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया। उनके बस्ते भी फेंक दिए। इस पर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीएम अमृतपुर सुरेंद्र सिंह और सीओ अमृतपुर कालूराम दोहरे मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। दरोगा पर कार्रवाई की बात भी कही। ग्रामीणों के न मानने पर अधिकारी चले गए।
दोपहर करीब 2 बजे ग्रामीणों ने अपने आप ही मतदान करना शुरू किया। उधर, शिव कुमार के भाई अनिल कुमार सिंह ने दरोगा सुरेशचंद्र के खिलाफ सीओ अमृतपुर को तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि दरोगा ने शराब के नशे में उनके भाई शिव कुमार को पीटा और प्रत्याशियों के एजेंटों के बस्ते फेंक दिए। उन्होंने कहा कि शिव कुमार हार्टअटैक का मरीज भी है।