कायमगंज। संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस संबंधी सर्वाधिक शिकायतें आईं। कंपिल क्षेत्र के गांव कुंवरपुर खास निवासी महिला सीओ के सामने रोते हुए बोली साहब बंद घर से चोरों ने सामान पार कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट भी नहीं लिखी। सीओ संजय वर्मा ने महिला को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
शनिवार को तहसील सभागार में डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी, एसपी डॉ. आलोक प्रियदर्शी ने शिकायतें सुनीं। कंपिल थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर निवासी अमीना बेगम डीएम के दरबार में फरियाद लेकर पहुंचीं। कहा कि वह पति और बच्चों के साथ दिल्ली में मेहनत मजदूरी करती हैं। 24 फरवरी की रात चोरों ने उसके बंद घर के ताले तोड़ दिए। सारा सामान चोरी कर ले गए। जब उन्हें जानकारी हुई तो वे दिल्ली से आईं। थाने जाने पर भी पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। सीओ ने मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शमसाबाद क्षेत्र के गांव दूदहा निवासी संतराम ने कहा कि पट्टे से मिली भूमि पर गांव के दबंगों ने कब्जा कर लिया। गांव सिनौली निवासी विजय सिंह ने कहा कि उनकी भूमि पर गांव के दबंगों ने कब्जा कर लिया है। 20 फरवरी को जब वे खेत जोतने गए तो दबंगों ने असलहों के दम पर उन्हें खेत से भगा दिया।
गांव खुम्मरपुर निवासी अरुण कुमार ने कहा कि एसडीएम कोर्ट से उनकी भूमि के कुरेबंदी करने का आदेश हो चुका है। इसके बावजूद लेखपाल कानूनगो उनके खेत पैमाइश कर आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं। इस दौरान 121 शिकायतें आईं। इसमें 16 का निस्तारण किया गया। पुलिस संबंधी 31, राजस्व की 28, नगर पालिका की पांच, बिजली की 15, विकास की सात व अन्य 35 शिकायतें आईं। इस मौके पर सीडीओ अरविंद कुमार मिश्रा, एसीएमओ दलवीर सिंह, एसडीएम रवींद्र कुमार, सीओ संजय वर्मा मौजूद रहे।
पकड़े गए गोवंश को लेकर पुलिस व विहिप के बीच तकरार
कायमगंज। विश्व हिंदू परिषद के जिला गोरक्षा प्रमुख नूतन चतुर्वेदी व गो विज्ञान परीक्षा प्रमुख मनमोहन राणा ने संपूर्ण समाधान दिवस में सीओ संजय वर्मा से कहा कि 16 फरवरी को कार्यकर्ताओं ने गोवंश लदे तीन पिकअप वाहनों को पकड़कर पुलिस को सौंपा। फैजबाग चौकी प्रभारी उन गोवंश को नवाबगंज गोशाला भेजने के लिए अड़ गए जबकि कार्यकर्ताओं ने बैरामपुर स्थित गौशाला में भेजने को कहा। गोवंश वहां भेज दिए गए मगर चौकी प्रभारी उनके सुपुर्दगी के दस्तावेज नहीं दे रहे। इस पर दोनों के बीच तनाव हो गया। विहिप ने चेतावनी दी कि अगर उनकी न सुनी गई तो वे फैजबाग चौकी के सामने बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ करेंगे। सीओ संजय वर्मा ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। (संवाद)