फर्रुखाबाद। भारत निर्वाचन आयोग ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान की तिथि बढ़ाकर मतदाताओं को एक सप्ताह का मौका और दिया है। इससे अब 11 दिसंबर तक गणना प्रपत्र जमा होंगे। मतदाता गणना प्रपत्र खुद भी वेबसाइट पर जाकर अपलोड कर सकते हैं।
जनपद में एसआईआर अभियान के तहत कुल 13,98,09 मतदाताओं का पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। चार दिसंबर तक अभियान की अंतिम तिथि थी। इसके लिए सभी बूथों पर 1531 बीएलओ लगाए गए हैं। रविवार दोपहर दो बजे तक 63.14 प्रतिशत काम पूरा हो गया था। भारत निर्वाचन आयोग ने एसआईआर अभियान की तिथि बढ़ाकर मतदाताओं को एक सप्ताह का मौका और दे दिया है। इससे अब 11 दिसंबर तक गणना प्रपत्र भरकर जमा हो सकेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 दिसंबर तक गणना प्रपत्र संकलन के साथ पोलिंग स्टेशनों को फिर से व्यवस्थित किया जाएगा। 12 से 15 दिसंबर तक फीडिंग के साथ ड्राफ्ट रोल तैयार किया जाएगा। 16 दिसंबर को ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल का प्रकाशन होगा। इसके बाद 16 दिसंबर से 15 जनवरी 2026 तक दावे-आपत्तियां प्रस्तुत होंगी। इनका सात फरवरी 2026 तक निस्तारण किया जाएगा। 10 फरवरी तक जांच पूरी करने के साथ मतदाता सूची के प्रकाशन के लिए अनुमति ली जाएगी। 14 फरवरी 2026 मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।