शमसाबाद में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने समाधान दिवस में शनिवार को
पीड़ितों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई पीड़ितों ने अफसरों को अपना दर्द
बताया। एक ग्रामीण ने विरासत दर्ज करने के नाम पर लेखपाल पर सुविधा शुल्क
मांगने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
तहसीलदार को दिए हैं।
शनिवार को थाने पहुंचे जिलाधिकारी एनकेएस चौहान और
एसपी विजय सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। रमेशचंद्र,
नवनीत कुमार,
कौशल कुमार, संतोष कुमार, राधेश्याम और रमेशचंद्र आदि ग्रामीणों ने
प्रार्थना पत्र देकर फसल बर्बादी का मुआवजा दिलवाने की मांग की। नंदलाल
पालिया निवासी बढ़ैयन टोला ने खेत से कब्जा हटाने की फरियाद लगाई।
जिलाधिकारी ने एसओ को निर्देश दिए कि कब्जा हटवाया जाए। राहुल कुमार निवासी
ऊगरपुर ने शिकायती पत्र देकर कहा कि पिता की तीन साल पहले मौत हो गई है
लेकिन अभी तक विरासत में उसका नाम दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने
लेखपाल
पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। डीएम ने तहसीलदार विनोद जोशी को
निर्देश दिए कि पीड़ित का नाम विरासत में दर्ज कराकर लेखपाल के खिलाफ
कार्रवाई करें। इसके साथ ही ग्रामीणोें ने जर्जर तार बदलवाने व बिजली
आपूर्ति ठीक किए जाने की मांग उठाई। डीएम ने कहा कि लोहिया गांव के बाद
उनके गांव में भी बिजली आपूर्ति ठीक
होगी। इस अवसर पर संजय, खुशहाल मियां,
रामकुमार और रामदीन आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
परचून की दुकान पर बिकता मिला पेट्रोल
जिलाधिकारी समाधान दिवस से भाग लेकर लौट रहे थे, तभी नैगवां रोड पर दो
परचून की दुकानों पर पेट्रोल भरी बोतलें देख उन्होंने पुलिस को बुला ली।
इसके बाद पेट्रोल जब्त करा दिया। डीएम ने थानाध्यक्ष को दुकानदारों के
खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नैगवां रोड पर देशराज और बंटू
कुमार की परचून की दुकान पर पेट्रोल बिकता देख डीएम एनकेएस चौहान ने अपनी
गाड़ी रुकवा ली। पुलिस ने दुकान की तलाशी ली तो दोनों की दुकानों से बोतलों
में भरा करीब 15 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ। पुलिस ने पेट्रोल कब्जे में कर
लिया। जिलाधिकारी ने एसओ प्रदीप यादव को निर्देश दिए कि परचून दुकानदारों
के खिलाफ कार्रवाई की जाए। समाचार लिखे जाने तक दोनों दुकानदारों को हिरासत
में नहीं लिया गया था।
आए तीन फरियादी, लेखपाल नदारद
सीओ की अध्यक्षता में समाधान दिवस में तीन फरियादियों ने ही शिकायतें दर्ज
कराईं। लेेखपालों की हड़ताल के कारण शिकायतों का समाधान नहीं हो सका। कोतवाली
में सीओ एके रावत की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। सुबह 10
बजे से दोपहर 2 बजे तक सीओ और कोतवाल रूम सिंह यादव फरियादियों की इंतजार
में बैठे रहे। लेखपालों की हड़ताल के कारण यहां सन्नाटा छाया रहा। इस दौरान
नगर के मोहल्ला पृथ्वीदरवाजा निवासी अजय अग्रवाल पुत्र
हरेराम ने अपने
प्रार्थनापत्र में बताया कि उन्होंने चिलौली रोड पर अब्दुल सैफी से जमीन
खरीदी थी। इस पर मोहल्ले के बाबर खां, गुज्जन खां जबरन झोपड़ी रखकर कब्जा
करने का प्रयास कर रहे हैं। नगला कोठी निवासी रवेंद्र ने बताया कि
उन्हाेंने शिवरई बरियार निवासी कांतिदेवी पत्नी संजेश और संध्या देवी
पत्नी कमलेश से मकान का बैनामा कराया था। आरोपी रूटौल निवासी जसवीर के साथ
मिल कर कब्जा नहीं दे रहे हैं।
पांच में से तीन फरियादियाें को राहत
सिटी सर्किल में समाधान दिवस में शनिवार को पांच प्रार्थना पत्र आए। इनमें
तीन का निस्तारण कर दिया गया। थाना मऊदरवाजा में एसडीएम सदर सुनील वर्मा
समाधान दिवस में पहुंचे। यहां पर दो प्रार्थना पत्र आए। इनमें से एक का
निस्तारण हो पाया। शहर कोतवाली में कोई भी प्रार्थना पत्र नहीं आया।
फतेहगढ़ कोतवाली में कोतवाल अनूप तिवारी मौजूद रहे। यहां पर तीन प्रार्थना
पत्र आए। इनमें से दो का निस्तारण कर दिया गया। बाकी प्रार्थना पत्रों की
जांच के लिए
भेज दिया गया। मोहम्मदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाल कुवर
सिंह बहादुर की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में छह फरियादी पहुंचे।
इनमें से चार राजस्व विभाग और दो पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें थीं।
यहां तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।