फोटो-17 शहर के चांदपुर स्थित डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर में उछलते छात्र-छात्राएं। स्रोत:
फर्रुखाबाद। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 12 की परीक्षा का परिणाम बुधवार दोपहर जारी कर दिया गया। सीपी इंटरनेशनल स्कूल के शुभ रस्तोगी ने 98.4 फीसदी अंक हासिल कर जिला टॉप किया। इसके अलावा आर्मी पब्लिक स्कूल की आध्या ने 97.4 फीसदी अंक पाकर द्वितीय और वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन के गर्वित व राजपूताना पब्लिक स्कूल के कनिष्क चौहान ने 97.2 फीसदी अंक हासिल कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया।
सीबीएसई के कक्षा 12 का परीक्षा परिणाम जारी होते ही स्कूलों में छात्र-छात्राओं का पहुंचना शुरू हो गया। छात्र-छात्राएं परिणामों की जानकारी के लिए खासे उत्साहित रहे। सीपी इंटरनेशनल स्कूल के शुभ गंगवार ने 98.4 फीसदी अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। वह कादरीगेट निवासी कपड़ा व्यापारी अमित गंगवार के पुत्र हैं। आर्मी पब्लिक स्कूल में पढ़ रही सपा नेता और कारोबारी विजय यादव की पुत्री आध्या ने 97.4 फीसदी अंक पाकर जिले में दूसरा स्थान पाया। इसके अलावा डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर के गर्वित रस्तोगी ने 97.2 फीसदी अंक हासिल कर तीसरा स्थान हासिल किया। वृंदावन गली निवासी पिता अमित रस्तोगी व्यापारी हैं। कई स्कूलों में पहुंचे बच्चों ने जमकर जश्न मनाया। स्कूल प्रबंधन की ओर से बच्चों का मुंह मीठा करवाकर फूलमाला पहनाई गई। स्कूल स्टाफ ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सोशल मीडिया से दूरी, 13 घंटे की पढ़ाई से मिली सफलता
जिले में प्रथम स्थान हासिल करने वाले सीपी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र शुभ गंगवार ने बताया कि मोबाइल का उपयोग शिक्षा के लिए करना चाहिए। सोशल मीडिया से दूरी रखना बेहद जरूरी है। वह 12-13 घंटे का समय रोजाना पढ़ाई में देते थे। यदि किसी भी विषय में दिक्कत होती तो वह मोबाइल पर ऑनलाइन सहायता लेता था। दिक्कतों का नोट्स बनाकर स्कूल में विषय शिक्षक से निराकरण कर लेते थे। अब वह आईआईटी की तैयारी कर रहे हैं। पिता अमित गंगवार कपड़ा व्यापारी हैं जबकि मां तृप्ति गृहिणी हैं।
फोटो-17 शहर के चांदपुर स्थित डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर में उछलते छात्र-छात्राएं। स्रोत: