फर्रुखाबाद। कमालगंज सीएचसी में नवजात बालिका को छोड़कर गई मां को पुलिस खोज नहीं सकी है। याकूतगंज चौकी इंचार्ज ने अपनी रिपोर्ट बाल कल्याण समिति को सौंप दी है। अब मासूम बाल कल्याण समिति की ही देखरेख में रहेगी। दो माह तक माता-पिता बच्ची पर दावा कर सकते हैं।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चंद्र ने बताया कि कमालगंज सीएचसी में 25 अप्रैल को याकूतगंज निवासी आलोक की पत्नी नन्हीं बिटिया ने बेटी को जन्म दिया। इसके बाद वह बच्ची को छोड़कर चली गई। सीएचसी प्रभारी ने 29 अप्रैल को बाल कल्याण समिति को सूचना दी थी। बच्ची को सभी चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद पांच मई को राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई को सौंप दिया गया था।
छानबीन के बाद याकूतगंज चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार ने सौंपी आख्या में कहा कि नन्हीं बिटिया पत्नी आलोक नाम की कोई महिला दिए गए पते पर निवास नहीं करती है। यदि किसी व्यक्ति को नवजात के माता-पिता के बारे में जानकारी हो तो वह जिला बाल संरक्षण इकाई/बाल कल्याण समिति में दे सकता है। साथ ही माता-पिता दो माह के अंदर साक्ष्यों के साथ बच्ची पर दावा कर सकते हैं। इसके बाद बच्ची को कानूनी रूप से दत्तक ग्रहण के लिए स्वतंत्र घोषित कर दिया जाएगा।