ध्रुव पांडेय की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। गोली लगने से घायल दुकानदार की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। एक दिसंबर की रात दबंगों ने मारपीट कर दुकानदार के गोली मार दी थी। पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
शहर कोवताली के मोहल्ला छत्तादलपतराय निवासी ध्रुव पांडेय(31) की रोडवेज बस स्टैंड के सामने जनरल स्टोर व नमकीन की दुकान है। एक दिसंबर को ही दुकान का उद्घाटन हुआ था। उसी रात लगभग 11.45 बजे ध्रुव पांडेय अपने भाई रुद्राक्ष पांडेय के साथ दुकान पर बैठे थे। तभी गंगानगर निवासी राहुल गुप्ता, अर्जुन, अनिकेत,
निखिल सात अज्ञात साथियों के साथ पहुंचे और गाली गलौज करने लगे। इस पर दंबगों ने दुकान पर रखी कोल्ड ड्रिंक की बोतले ध्रुव व उसके भाई पर फेंक कर मारी। ध्रुव को पकड़कर मारते हुए दूसरी ओर ले गए। वहां उनके गोली मार दी।
सीने में गोली लगने से ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको लोहिया अस्पताल भेजा गया। वहां से सैफई रेफर कर दिया गया। भाई रुद्राक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
पुलिस ने आरोपी राहुल व अर्जुन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सैफई में हालत में सुधार न होने पर ध्रुव को लखनऊ रेफर कर दिया गया था। गुरुवार रात इलाज के दौरान ध्रुव की मौत हो गई। सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने बताया कि गुरुवार को गोली से घायल दुकानदार ध्रुव की मौत होने की सूचना परिजनों ने दी थी। जानलेवा हमले के मुकदमे को हत्या में तरमीम कर लिया जाएगा। अन्य आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।