कमालगंज। बिजली बिल बकाया होने से कृषि उत्पादन मंडी समिति कमालगंज का बिजली कनेक्शन कट गया। पांच दिन से मंडी की बिजली गुल है। आढ़तियों के साथ किसानों को भी दिक्कत उठानी पड़ रही है।
जिले के सबसे बड़े विकासखंड की कृषि उत्पादन समिति में दूसरे जिलों से भी माल आता है। इन दिनों मंडी में शाम होते ही अंधेरा छा जाता है और पूरी रात मंडी अंधेरे के आगोश में डूबी रहती है। एक लाख रुपये से अधिक की बकायेदारी में बिजली विभाग ने मंडी का बिजली कनेक्शन काट दिया। कृषि उत्पादन मंडी समिति में ही सुबह के समय सब्जी मंडी लगती है। तड़के चार बजे से ही किसान व थोक सब्जी खरीदने वाले फुटकर दुकानदार पहुंचने शुरू हो जाते हैं। रोशनी न होने से सब्जी मंडी में कारोबार में अत्यधिक समस्या रहती है।
कई सब्जी दुकानदार अपनी बाइक की रोशनी में दुकानें लगाते हैं तो कोई मोबाइल टार्च में दुकान सजाता है। किसान भी टार्च लेकर पहुंचते हैं। वहीं, मंडी सचिव अनूप कुमार दीक्षित ने बताया कि बिल औसत से अधिक आया था। इसके लिए बिजली विभाग को प्रत्यावेदन देने की बात चल रही थी। इसी बीच बिना बताए कनेक्शन काट दिया गया। अब उच्च अधिकारियों से सोलर प्लांट लगवाने की बात चल रही है। (संवाद)