फर्रुखाबाद में भोलेपुर रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम से निजात को ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। बृहस्पतिवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने बीच सड़क को केंद्र बिंदु मानकर 13 मीटर मानक के अनुसार नाप कराई। इसमें कई दुकानें व चबूतरे अतिक्रमण की जद में आ गए।
सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य ने लेखपाल गौरव कुमार के साथ भोलेपुर में बनाए जा रहे ओवरब्रिज की जद में आने वाले अतिक्रमण की स्थिति देखी। हनुमान मंदिर के रेलव स्टेशन तिराहे से लोको रोड तक एक ओर बीच सड़क से नाप कराई।
इसमें लगभग सभी घर व दुकान के सामने बना चबूतरा अतिक्रमण की जद में है। जबकि कुछ दुकानें भी सरकारी भूमि पर बनी पायी गईं। लेखपाल ने बताया कि नक्शे के अनुसार बीच सड़क से 12 व 13 मीटर दूरी का मानक लेकर चिह्नांकन कराया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि चिह्नांकन करा लिया गया है। भवन स्वामियों की सूची बनाई जा रही है। शीघ्र ही अतिक्रमण हटाया जाएगा।