मोदम्मदाबाद। घर से बाजार के लिए निकले वृद्ध दुकानदार का शव शनिवार देर शाम फर्रुखाबाद-टूंडला रेलवे ट्रैक पर गांव जसमापुर के सामने पड़ा मिला। भाई ने लूट के बाद हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने का मामला मान कर जांच कर रही है।
थाना नवाबगंज के गांव ऊंची गधेडी सिरोली निवासी सत्यपाल सिंह (70) ब्याज पर रुपये देने का काम करते थे। शनिवार सुबह उन्होंने घर पर बताया था कि उन्होंने जिस व्यक्ति की अंगूठी व चेन गिरवी रखी है उसका फोन आया था। अंगूठी व चेन वापस लेने के लिए वह सिरोली जा रहे हैं। बताया था कि रुपये लेकर परचून की दुकान का सामान लेकर आएंगे। पर शाम तक सत्यपाल वापस घर नहीं पहुंचे। देर शाम करीब 7.30 बजे मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में जसमापुर गांव के सामने ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की जानकारी परिजनों को मिली। इस पर भाई समरपाल आदि परिजन मौके पर पहुंचे। वहां सत्यपाल का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। भाई ने लूट के बाद हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने का आरोप लगाया। कहा कि भाई सत्यपाल के पास रुपये, अंगूठी, चेन कुछ भी नहीं मिला।
सत्यपाल दो भाइयों में बड़े थे। छोटे भाई समरपाल और दो भतीजे महेंद्र व सुरजीत हैं। सत्यपाल घर में परचून की दुकान रखे थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि जांच मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उसी के आधार पर लगाए गए आरोपों की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।