फर्रुखाबाद। कादरीगेट थाने के बस अड्डा के सामने दुकानदार सुमित कुमार का शनिवार देर रात एक युवक से विवाद हो गया। सुमित उससे दुकान के सामने शराब पीने से रोक रहा था। उसी समय पीछे से आए उसके साथी ने वाटर कूलर उठाकर हमला बोल दिया। बीच में फंसे दुकानदार पर दोनों आगे और पीछे मारते रहे। आसपास के लोगों ने बमुश्किल बचाया।
दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी, मगर नहीं पहुंची। कुछ ही देर में दुकानदार के परिजन और साथी युवक आ धमके। उन्होंने हमलावरों की खोजबीन की मगर नहीं मिले। करीब आधा घंटे बाद हमलावरों के दो साथी बाइक से आ गए। इस पर दुकानदार के साथियों ने पकड़ लिया। इस पर दोनों पक्षों में सड़क पर जमकर विवाद हुआ। कुछ लोगों के बीच बचाव से मारपीट होने से बच गई। घटना के दूसरे दिन पुलिस ने दुकानदार से जानकारी हासिल की। बस अड्डे पर दबंगई से आम लोगों में दहशत है। प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई करेंगे।