सब रजिस्ट्रार कार्यालय कालेज में शिफ्ट, बैनामे शुरू
कायमगंज। कंटेनमेंट जोन की परिधि में आने से सब रजिस्ट्रार कार्यालय को रेलवे रोड स्थित एसएनएम इंटर कालेज में शिफ्ट कर दिया गया है। यहां जमीनों के बैनामे शुरू कर दिए गए हैं।
नगर के मोहल्ला पाठक में तीन दिन पहले मां-बेटे की कोरोना पॉजटिव रिपोर्ट आने के बाद पुलिस चौकी से चौक चौराहे तक क्षेत्र सील कर दिया गया था। इस परिधि में तहसील कार्यालय भी आ गया। इसके बाद एसडीएम अमित आसेरी से वार्ता के बाद तहसील से रजिस्ट्री कार्यालय को रेलवे रोड स्थित एसएनएम इंटर कालेज में शिफ्ट करने का निर्णय हुआ।
शनिवार को कार्यालय कालेज के एक कमरे में शुरू कर दिया गया। सब रजिस्ट्रार सुभाष चंद्र ने बताया अभी यहां बिजली नहीं है। इसके लिए विद्युत अधिकारियों से बात की गई है। कालेज परिसर में बैनामा लेखक व फोटोकॉपी के लिए भी व्यवस्था की गई है।
शनिवार को कालेज में बने अस्थायी रजिस्ट्री कार्यालय में कंपिल क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर तिहैया के मजरा मिलकिया निवासी सुख्खू उर्फ सुखराम ने सिकंदरपुर तिहैया निवासी मुनीशा देवी को अपने खेत का पहला बैनामा किया। पहले बैनामे में कार्यालय में मौजूद सभी लोगों का मुंह मीठा भी कराया गया। लिपिक योगेंद्र पाल व स्टांप वेंडर अंकित शर्मा, फईम एडवोकेट आदि मौजूद रहे।
जमीन की खरीद फरोख्त पर पड़ा कोरोना का असर
कायमगंज। कोरोना वायरस का असर हर क्षेत्र पर पड़ा है। जमीन की रजिस्ट्री भी इससे अछूती नहीं है। लॉकडाउन के दौरान तो रजिस्ट्री पूरी तरह ठप हो गई थी। अनलॉक-1 में जमीन की खरीद फरोख्त में कुछ तेजी आई, लेकिन लक्ष्य की प्राप्ति नहीं हो सकी। सब रजिस्ट्रार सुभाष चंद्र ने बताया 14 अप्रैल से अनलॉक-1 शुरू हुआ।
अप्रैल का एक करोड़ 80 लाख का लक्ष्य था, इसमें 3 लाख 18 हजार रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई। मई में 2 करोड़ 14 लाख के लक्ष्य में 73 लाख 65 हजार की प्राप्ति हुई। जून माह में 2 करोड़ 20 लाख के लक्ष्य में एक करोड़ 22 लाख 22 हजार की राजस्व प्राप्ति हुई। अब तक एक करोड़ 99 लाख 5 हजार रुपये राजस्व आ चुका है। जो पिछले साल की तुलना में कम है।