दिल्ली में आम आदमी पार्टी की जीत से खुश पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाई
बांटी। उधर, नवाबगंज चौराहा पर भाजपा की हार पर सपा नेता ने लड्डू बांटे। मोहल्ला
बजरिया स्थित आप कार्यकर्ता राकेश अग्निहोत्री के आवास पर कार्यकर्ताओं और
पदाधिकारियों ने आप की जीत पर मिठाई बांटी। इन लोगों ने त्रिपोलिया
पहुंचकर आतिशबाजी भी छुड़ाई। कार्यालय प्रभारी राकेश अग्निहोत्री ने कहा कि
आप का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।
इस अवसर पर अतुल शर्मा, राजगौरव, राकेश
कुमार, देवकीनंदन गंगवार, अजय वर्मा, आकर्ष शुक्ल, राजगौरव पांडेय, मोहम्मद
वहीउद्दीन, वीरेंद्र कुमार, गौतम कुमार, ब्रजेश कुमार, सुनील सक्सेना,
श्रीधर दुबे, शेर सिंह, शाहनवाज, गजेंद्र सिंह और मंजू यादव आदि मौजूद
रहीं।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की
हार और आम आदमी पार्टी की जीत पर सपा नेता अजय दिनेश भारतीय ने कसबा चौराहा
पर लड्डू बांटे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुई हार से मोदी का तिलस्म
टूट गया है। इस अवसर पर दिनेश यादव, प्रधान उमेश यादव और हरनाम सिंह आदि
मौजूद रहे।
कायमगंज प्रतिनिधि के अनुसार दिल्ली विधान सभा चुनाव के
नतीजे सुबह आठ बजे शुरू होते ही लोग टीवी से चिपक गए। दोपहर बाद आम आदमी
पार्टी को 70 में से 67 सीटें मिलते ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़
गई। कार्यकर्ताओं ने सीपी तिराहे पर बैंडबाजों और आतिशबाजी के साथ खुशी का
इजहार किया। इस दौरान विधान सभा प्रभारी राघव पाठक ने कहा कि यह जीत दिल्ली
की जनता की जीत है।
‘आप’ की जीत से राष्ट्रीय पार्टियां लें सबक
दिल्ली में ‘आप’ को मिली अप्रत्याशित जीत पर मंगलवार को जिला सर्वोदय मित्र
मंडल ने विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि आप पार्टी की जीत से राष्ट्रीय
पार्टियां सबक लें। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि वह लोग
भ्रष्टाचार को गले लगाने वाली पार्टियों के विरुद्घ अभियान चलाकर ईमानदार
पार्टियों को आने वाले समय में मौका दें।
इस अवसर पर अध्यक्ष चंद्रपाल
वर्मा, मंत्री गौरव गुप्ता, गोपालबाबू पुरवार और यदुनंदन गोस्वामी आदि
शामिल रहे। उधर, जिला बार एसोसिएशन के महा सचिव संजीव पारिया ने आप पार्टी
के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल को जीत पर बधाई पत्र भेजा है। इसमें
कहा गया कि दिल्ली में एक परिवार को एक घर की योजना क्रियान्वित किया जाए।