मोहम्मदाबाद। कार में देशी व अंग्रेजी शराब की छह पेटी लादकर ले जा रहे दो युवकों को पुलिस ने चेकिंग में पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि यह शराब की पेटियां निवर्तमान प्रधान व प्रधान प्रत्याशी ने मंगवाई और उनके ही घर लेकर जा रहे हैं। पुलिस ने प्रधान प्रत्याशी सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही पकड़े गए दोनों युवकों का चालान कर दिया।
कोतवाल राकेश कुमार व आबकारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता गुरुवार रात फोर्स के साथ चेकिंग करते हुए गांव मदनपुर पहुंचे। इसी दौरान एक कार गांव के अंदर से जा रही थी। पुलिस ने कार को रोक लिया। उसमें दो युवक सवार थे। पूछने पर उन्होंने अपने नाम सत्यप्रकाश व राजेश बाथम निवासी गांव कछपुरा बताए। पुलिस को कार से छह पेटी देशी व अंग्रेजी शराब मिली। पूछने पर दोनों युवकों ने बताया कि निवर्तमान प्रधान संगीता यादव के पति व प्रधान प्रत्याशी हरगोविंद यादव ने यह शराब मंगवाई है।
पुलिस ने बरामद शराब सहित दोनों को पकड़ लिया और कोतवाली ले आई। आबकारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने हरगोविंद यादव सहित तीनों के खिलाफ शराब अधिनियम, धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज कराया। शुक्रवार को पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। इस संबंध में हरगोविंद ने बताया कि राजनीतिक साजिश के तहत उनको फंसाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की शिकायत करेंगे।