फर्रुखाबाद। ट्रांसमिशन में उपकरण खराब होने से गंगापार क्षेत्र के चार और शहर के दो विद्युत उपकेंद्र ठप हो गए। इससे तीन सौ गांव 50 मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। एक्सईएन के चुनाव ड्यूटी में होने से उपकरण बदलने का काम देर से शुरू हुआ। इस कारण करीब आठ घंटे बिजली गुल रही।
गंगापार क्षेत्र के करीब तीन सौ गांवों को राजेपुर, सलेमपुर, अमृतपुर व तहसील विद्युत उपकेंद्र से बिजली दी जाती है। भोलेपुर स्थित ट्रांसमिशन से इन चारों उपकेंद्रों को 33 केवी लाइन गई है। इसी ट्रांसमिशन के ट्रांसफार्मर से शहर के ठंडी सड़क स्थित विद्युत उपकेंद्र को बिजली दी जाती है। शुक्रवार को करीब दस बजे ट्रांसमिशन में 33 केवीलाइन का एक उपकरण खराब हो गया।
इससे ठंडी सड़क, लकूला, गंगा मार क्षेत्र के चारों विद्युत उपकेंद्र ठप हो गए। इस कारण गंगा पार क्षेत्र के तीन सौ गांव, शहरी क्षेत्र के 50 मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। एक्सईएन ट्रांसमिशन उमेश कुमार चुनाव ड्यूटी में लगे थे। कर्मचारियों ने उनको उपकरण खराब होने की जानकारी दी। करीब आठ घंटे के बाद खराब उपकरण बदलकर विद्युत व्यवस्था बहाल की गई।