फर्रुखाबाद। पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए शुक्रवार को हुए मतदान के दौरान फर्जी वोट डालने को लेकर कई बूथों पर विवाद हुआ। शराब के नशे में प्रत्याशियों के समर्थकों ने फर्जी वोट डालने के लिए बूथों पर हंगामा किया।
पुलिस ने जमीन पर लाठी चटका कर युवकों को खदेड़ा। एक बूथ पर फर्जी मतदान करने के विरोध में एक प्रत्याशी के एजेंट की पिटाई कर दी गई। मामला गर्म होने पर अतिरिक्त पुलिस बल बूथों पर भेजा गया।
शुक्रवार को पंचायत निर्वाचन के पहले प्रथम के मतदान में बढ़पुर ब्लाक के एक दर्जन से अधिक बूथों पर फर्जी मतदान को लेकर विवाद हुआ।
बीएसए कार्यालय के पुराने भवन में बने बूथ पर एजेंट के साथ कुछ प्रत्याशी घुस गए और फर्जी मतदान कराने लगे। इसके विरोध में विवाद होने लगा। पुलिस ने बूथ पर पहुंच कर प्रत्याशियों के समर्थकों को खदेड़ा। फर्जी मतदान को लेकर पूरे दिन बूथ पर विवाद हुआ।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय बुढ़नामऊ में सुबह मतदान के दौरान फर्जी वोट पड़ने का एक एजेंट के प्रत्याशी के एजेंट से विरोध किया। इसको लेकर विवाद होने पर दूसरे प्रत्याशी के एजेंट ने फर्जी मतदान करने से रोकने वाले प्रत्याशी के एजेंट की पिटाई कर दी।
महलई बूथ पर फर्जी मतदान करने के लिए दबंग युवक बूथ के अंदर घुस गए। इसको लेकर विवाद होने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजा गया।
हुसैनपुर नौखंडा में एक युवक शराब के नशे में फर्जी वोट डालने पहुंचा। अन्य प्रत्याशियों के एजेंटों ने विरोध कर हंगामा किया। सुरक्षा में लगे सिपाहियों की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल बूथ पर पहुंचा। जोनल मजिस्ट्रेट वहां पहुंच गए।
शराब पीकर फर्जी वोट डालने आए युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। प्राथमिक विद्यालय याकूतगंज के बूथ पर फर्जी मतदान को लेकर दोपहर में विवाद हुआ। इस तरह प्रथम चरण के मतदान में बढ़पुर ब्लाक क्षेत्र के कई बूथों पर छुटपुट विवादों के बीच मतदान हुआ।