फर्रुखाबाद। ननद व दिव्यांग भाभी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आईजी के आदेश पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती ने मोहल्ले के सिंटू उर्फ संदीप, मिंटू उर्फ जगदीश राना, शहर कोतवाली के मोहल्ला लिंजीगंज निवासी जितेंद्र, पालीवाल वाली गली निवासी संदीप तिवारी, जितेंद्र के साथी कठेरिया व दो अज्ञात के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि पिता व भाई मजदूरी करते हैं। वह लोग अक्सर मजदूरी के लिए बाहर भी चले जाते हैं। 15 जनवरी को पिता व भाई काम करने के लिए बाहर गए थे। घर पर युवती व उसकी दिव्यांग भाभी थी।
रात में लगभग 11 बजे ये सभी आरोपी नशे में घर में घुस आए। इन लोगों ने दोनों के साथ दुष्कर्म किया। तमंचा निकालकर शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। तब से यह लोग लगातार उसके व भाभी के साथ दुष्कर्म कर रहे हैं। आरोपी दुष्कर्म का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की भी धमकी दे रहे हैं। इस मामले में कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। फिर 11 नवंबर को आईजी जोन प्रशांत कुमार को शिकायती प्रार्थनापत्र दिया। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर युवती व उसकी भाभी का मेडिकल कराया जाएगा। मुकदमे की जांच सीओ सिटी करेंगे।