फर्रुखाबाद। जिले की सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए 1.48 करोड़ रुपये की लागत से जिले के सात संपर्क मार्गों की मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। इस पहल से न केवल लोगों का आवागमन सुगम होगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को भी अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
इस परियोजना के तहत विभिन्न संपर्क मार्गों पर कार्य प्रस्तावित है। सिरौली से नगला इंद्र मार्ग पर 23 लाख रुपये खर्च होंगे। मोहम्मदाबाद-संकिसा मार्ग से पमारखिरिया संपर्क मार्ग के लिए 27.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सिकंदरपुर नगला विनायक संपर्क मार्ग पर 11 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।
कायमगंज-सराय अगहत-अचरा से उनासी मार्ग को बेहतर बनाने के लिए 10.50 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, सिठौली तिराहा से नगला चंपत एवं गुठना से दीनदयाल केंद्र तक के संपर्क मार्गों पर 33 लाख रुपये की लागत से मरम्मत और नवीनीकरण किया जाएगा। पुठरी मंदिर से बराकेशव मार्ग पर 10.50 लाख रुपये तथा बराकेशव-सितवनपुर पिथू मार्ग पर 33 लाख रुपये की लागत से कार्य प्रस्तावित है।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता मुरलीधर ने बताया कि इन सभी सात मार्गों की मरम्मत और नवीनीकरण के प्रस्तावों को मंजूरी मिल चुकी है। स्वीकृत प्रस्तावों के आधार पर टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। कहा कि लोगों को जर्जर सड़कों से जल्द ही निजात दिलाई जाएगी और कार्य शीघ्र ही आरंभ कर दिया जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र के लोगों के लिए यात्रा अनुभव में सुधार की उम्मीद है।