लोहिया गांव हुसैनपुर नौखंडा में निरीक्षण के दौरान संतोषजनक जवाब न देने
पर डीएम ने ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया। उन्होंने प्रधान व आरईएस
की कार्ययोजना के तहत हुए कार्यों की रिपोर्ट परियोजना अधिकारी से तीन दिन
में तलब की है।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने कमालगंज ब्लाक के
लोहिया गांव हुसैनपुर नौखंडा का सोमवार को निरीक्षण किया। उन्होंने
नवनिर्मित पंचायत घर में बिजली फिटिंग करवाने के निर्देश दिए। पंचायत घर
में मातहतों के साथ बैठक कर गांव के विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक
शुरू होते ही उन्होंने डीपीआरओ, नोडल अधिकारी एक्सईन जलनिगम, डीएसओ के
मौजूद न होने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। ग्रामीणों ने डीएम को बताया
कि केवल 4 घंटे ही बिजली आती है। इस पर उन्होंने अधिशाषी अभियंता विद्युत
ग्रामीण अमर सिंह से जवाब मांगा। एक्सईन ने बताया कि रोस्टर के अनुसार
बिजली की आपूर्ति की जा रही है। इस पर ग्रामीणों ने कहा कि शेड्यूल तो 16
घंटे का है। डीएम ने आपूर्ति सुचारुकरने के
निर्देश दिए। गांव के मजरा फूल
नगला, बचत की मड़ैया और भुड्डा की मडै़या में विद्युतीकरण न होने पर
नाराजगी जताई। प्रधान पति अरविंद ने बताया कि लंगरपुरा से हुसैनपुर तक एलटी
लाइन के तार लटक रहे हैं। डीएम ने बिजली के तारों की मरम्मत करवाने के
निर्देश दिए। प्रधानपति ने बताया कि आरईएस ने आधी अधूरी सड़क बनाकर छोड़ दी
है। उन्होंने कहा
कि सड़क के उखड़ने से बरसात में ग्रामीणों को काफी
दिक्कत हो रही है। डीएम ने आरईएस के जेई रिजवान से कारण पूछा तो उन्होंने
बताया कि 27 लाख रुपये का बजट आया था। इससे सड़क का निर्माण करवाया गया।
शेष कार्य को गांव की विकास निधि से पूरा किया जाना है। इस पर प्रधान पति
ने बताया कि जो कार्य आरईएस ने करवाए हैं, उनकी कार्ययोजना
उनको दी गई है।
जिला पंचायत में कई बार शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस पर जिलाधिकारी
का पारा चढ़ गया। उन्होंने परियोजना अधिकारी डा. डीआर विश्कर्मा से आरईएस व
प्रधान के कार्यों की समीक्षा करने को कहा। शेष कार्य को तीन दिन के अंदर
शुरू करवाने को भी कहा। डीएम ने चेतावनी दी कि काम में देरी होने पर प्रधान
और आरईएस के अभियंता के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करवाकर जेल भेजा जाएगा।
उन्होंने जिला पंचायत के एमए व डीपीआरओ पर दायित्व
निर्धारण कर कार्रवाई के
निर्देश पीडी को दिए। पौधरोपण के बाद पौधों के सूखने पर उन्होंने नाराजगी
जताई।
बैठक में विद्यालय के अध्यापकों के उपस्थित न होने पर कार्रवाई
करने के निर्देश दिए। गांव में नेडा के तहत 27 सोलर लाइटें लगाए जाने की
बावत नेडा अधिकारी से जानकारी की। नेडा अधिकारी आनंद दीक्षित ने बताया कि
सोलर लाइटें
प्रधान के घर पर रखी हैं। प्रधान बार-बार लाइटों के लगाने के
स्थान में परिवर्तन कर रहे हैं। इस पर डीएम ने पंचायत सचिव से जानकारी की।
सचिव के संतोषजनक जबाव न देने पर डीएम ने पंचायत सचिव को सस्पेंड कर दिया।
डीएम ने गांव में लाइटों को मंगलवार से लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही
प्रधान के कार्यों की जांच करवाने को कहा। जिलाधिकारी
ने ग्रामीणों से
स्कूल में जाकर मिड डे मील की गुणवत्ता परखने को कहा। गांव में खेल मैदान न
होने पर हैरानी जताई। उन्होंने ग्राम प्रधान को गांव में बालीवाल खेलने के
लिए मैदान और लाइब्रेरी बनवाने के लिए निर्देशित किया। डीएम ने कहा कि
कर्मचारी और अधिकारी अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं और काम करने की आदत
डालें। डीएम ने निराश्रित शैफाली को तुरंत पट्टा दिलाने के निर्देश दिए।