फर्रुखाबाद। जिले की चार ग्राम पंचायतों में 70 लाख की लागत से सचिवालयों का निर्माण कराया जाएगा। इससे ग्रामीणों को गांव में ही सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन करने की सुविधा मिलेगी। निर्माण कार्य की कवायद भी तेज कर दी गई है।
शासन से प्रत्येक ग्राम पंचायत में सचिवालय बनाने के आदेश हैं। इससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए गांव में ही ऑनलाइन आवेदन की सुविधा मिल सकेगी। बीते वर्ष कुछ ग्राम पंचायतों को चयनित कर सचिवालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इस बार चार सचिवालय निर्माण की स्वीकृति मिली है। एक सचिवालय के निर्माण पर 17 लाख 46 हजार रुपये लागत निर्धारित है। इसमें 576 वर्गमीटर भूमि पर भवन का निर्माण होगा। प्रत्येक भवन में कुल आठ कमरे व शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।
यह पंचायत घर कायमगंज ब्लाॅक की ग्राम पंचायत बरखेड़ा, राजेपुर में तुषौर, शमसाबाद में सरपारपुर व ब्लॉक कमालगंज में ग्राम पंचायत उस्मानगंज में बनेंगे। निर्माण कार्य दो माह में पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। इससे जून तक इन ग्राम पंचायतों को अपना सचिवालय मिल जाएगा। अभी तक इन ग्राम पंचायतों में किराये के भवन या प्रधान के घर पर अस्थायी रूप से सचिवालय चलाया जा रहा है।
पंचायत सहायक की तैनाती, फर्नीचर व कंप्यूटर आदि सामग्री पहले ही खरीदी जा चुकी है। मॉडल पंचायत घर का निर्माण होने से ग्रामीणों को काफी सुविधाएं मिलेंगी। ग्राम चौपाल में अधिकारियाें के सामने शिकायत दर्ज कराकर ग्रामीणों की घर बैठे समस्या निस्तारित हो सकेगी।
दो माह में पंचायतघर बनकर तैयार हो जाएंगे। इससे पंचायतघर में नियमित रूप से पंचायत सहायक बैठेंगे। सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए गांव में ही ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा मिलेगी। जून तक चारों सचिवालय नए भवन में संचालित करने के आदेश दिए गए हैं। -राजेश चौरसिया, जिला पंचायत राज अधिकारी