कमालगंज। उपजिलाधिकरी सदर ने बुधवार को नवीन मंडी स्थित खाद्य एवं विपणन विभाग के धान खरीद केंद्र का निरीक्षण किया। मौके पर दरौरा निवासी किसान का धान की तौल हो रही थी। 60 पैकेट में से 22 पैकेट धान ही मानक के अनुरूप पाया गया। शेष 38 पैकेट वापस कर दिया गया। मंडी सहायक को खरीद केंद्र के लिए टिन शेड में तत्काल जगह उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
शासन ने धान खरीद केंद्रों की कमान पूरी तरह जिलाधिकारी को सौंपी है। डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर अनिल कुमार बुधवार दोपहर नवीन मंडी स्थित धान खरीद केंद्र पहुंचे। उन्होंने कांटा व अन्य व्यवस्था देखी। एएमओ रामनरेश व विपणन सहायक सुनील से जानकारी ली। केंद्र पर दरौरा निवासी किसान अशोक सिंह का 60 बोरी धान आया था। इसमें से 22 बोरी सामान्य धान ही लिया गया।
अमानक धान की एसडीएम ने भी जांच की। यह धान काफी महीन और काला पड़ गया था। एएमओ ने कहा कि यह धान मिल में टुकड़े-टुकड़े हो जाएगा। अब तक केंद्र पर 3 किसानों का 37 क्विंटल 60 किलो धान खरीदा गया।