कोतवाली क्षेत्र के गांव भटासा में छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। उसके पास से मिले सुसाइड नोट में एनटीटी की फर्जी अंकतालिका से परेशान होने की बात लिखी है। मृतका के बाबा ने कंप्यूटर सेंटर संचालक समेत पांच के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट लिखाई गई है।
क्षेत्र के गांव भटासा निवासी अनुभवी (21) पुत्री हरीशरन को सोमवार देर रात उल्टियां होने लगीं। परिवारीजनों के पूछने पर उसने बताया कि उसने कीटनाशक पी लिया है। परिजन उसे लोहिया अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छानबीन के दौरान उसके पास एक सुसाइड नोट मिला।
इसमें उसने लिखा था कि वह दो साल से एनटीटी के लिए बहुत परेशान थी। अब और ज्यादा परेशान नहीं होना चाहती। इन लोगों ने उसे बरबाद कर दिया है। इसमें उसने कायमगंज के मोहल्ला पाठक स्थित कंप्यूटर सेंटर संचालक धर्मेंद्र, मनीषा, धनुष कुमारी, रामानंद और कल्लू के नाम लिखे थे।
मृतका के बाबा ने बताया कि उसने 11 जनवरी 2017 को कोर्ट के आदेश पर धर्मेेंद्र व उसकी पत्नी मनीषा के खिलाफ कोर्ट में केश दर्ज करवाया था। इसमें उन पर फर्जी मार्कशीट बनाने व धोखाधड़ी की रिपोर्ट लिखवाई थी।