फर्रुखाबाद। कोरोना संक्रमण में बंद हुए विद्यालय एक जुलाई से खुल गए। स्कूल पहुंचे शिक्षकों ने लंबित काम निपटाए। पहले दिन शिक्षकों ने बच्चों को अगली कक्षा में प्रोन्नत करने की प्रक्रिया पूरी की।
कोरोना संक्रमण फैलने से मार्च के अंतिम सप्ताह में बच्चों के विद्यालय आने पर रोक लगा दी गई थी। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में संक्रमण बढ़ने पर शिक्षकों को भी विद्यालय से जाने से रोक दिया गया था। शासन ने 30 जून तक विद्यालय बंद रखने के आदेश दिए थे। अभी बच्चों को पढ़ाई लिखाई के लिए विद्यालय नहीं बुलाया गया है।
शहर में स्थित कंपोजिट विद्यालय लिंजीगंज, कन्या प्राथमिक विद्यालय बढ़पुर में शिक्षकों ने विभागीय काम निपटाए। कन्या प्राथमिक विद्यालय तलैया फजल इमाम टिन शेड में चलता है। इसके रास्ते में नाले का गंदा पानी भरा था। शिक्षक तो आए, लेकिन सफाई कर्मचारी न आने से गंदगी फैली रही। प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन, कंपोजिट विद्यालय फतेहगढ़ में शिक्षकों ने लंबित कामों को पूरा किया। प्राथमिक विद्यालय नवाबगंज में रसोइयों ने परिसर की सफाई की।
बच्चों को प्रवेश फार्म बांटे गए। प्राथमिक विद्यालय नगला झब्बू सिंह नवाबगंज में बच्चों को अगली कक्षा में प्रोन्नत किया और नए प्रवेश के लिए जो अभिभावक आए उन्हें फार्म दिए। प्राथमिक विद्यालय बबुरारा नवाबगंज में प्रधानाध्यापक अतुल गंगवार व अन्य शिक्षकों ने विभागीय काम निपटाया। पहले दिन अधिकारियों ने स्कूलों का निरीक्षण किया। बीएसए लालजी यादव ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने किसी विद्यालय का निरीक्षण नहीं किया। कुछ दिन बाद निरीक्षण किया जाएगा।