अमृतपुर। बाढ़ के पानी से कटी ईमादपुर सोमवंशी की सड़क पर बनाई गई पुलिया के पास अवैध खनन कर बालू डाली जा रही है। सोमवार को भराव डालते समय ट्रैक्टर ट्राली पास में स्थित संविलयित विद्यालय की दीवार से टकरा गई। इससे दीवार गिरने से उसके नीचे शिक्षामित्र दब कर घायल हो गई। सहायक अध्यापक बाल-बाल बच गए।
वर्ष 2017-18 में आई बाढ़ से ईमादपुर सोमवंशी गांव की सड़क कट गई थी। पीडब्ल्यूडी ने सड़क पर पुलिया का निर्माण लॉकडाउन के बाद पूरा कराया है। पुलिया सड़क से ऊंची बन गई है। इस कारण सड़क को पुलिया के बराबर करने को भराव डलवाया जा रहा है। यह भराव मिट्टी के बजाय बालू का डाला जा रहा है। सोमवार को ट्रैक्टर ट्राली से बालू डाले जाने के दौरान ट्राली पास में स्थित संविलयित विद्यालय ईमादपुर सोमवंशी की चहारदीवारी से टकरा गई। इससे दीवार गिर गई। वहीं से गुजर रही शिक्षामित्र उमाकांती ईंटों के नीचे दबकर घायल हो गईं। सहायक अध्यापक गौरव बाल-बाल बच गए। गांव के लोगों के सहयोग से शिक्षामित्र को निकाला गया।
घटना की जानकारी प्रधानाध्यापक संतोष पाठक ने बीईओ को दी है। गांव के लोगों का कहना है कि अवैध खनन कर बालू का भराव डलवाया जा रहा है। अधिकारी इसको नजरअंदाज किए हैं। अगर ग्रामीण बालू लेकर आए तो कार्रवाई कर दी जाती है। एसडीएम बृजेंद्र कुमार ने बताया कि भराव को मिट्टी पड़ रही है या बालू, इसकी जानकारी नहीं है। पुलिया निर्माण का काम पीडब्ल्यूडी का है।