फर्रुखाबाद में अमर उजाला की खबर पर डीएम ने गुरुवार की सुबह एआरटीओ को स्कूली बच्चों को ले जाने वाले टेंपो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एआरटीओ ने फतेहगढ़ चौराहे व आवास विकास में अभियान चलाकर पांच टेंपो सीज कर दिए। ज्यादातर स्कूलों में अवकाश था। ऐसे में सड़क पर स्कूली वाहनों की संख्या कम पाई गई।
टेंपो में गलत तरीके से स्कूली बच्चों को ढोने के संदर्भ में गुरुवार को अमर उजाला ने ऑटो में ठूंस कर भरे जा रहे स्कूली बच्चे शीर्षक से खबर प्रकाशित की। इसके बाद सुबह डीएम मानवेंद्र सिंह ने एआरटीओ कन्नौज संजय झा को स्कूली बच्चों को गलत तरीके से ले जाने वाले टेंपो के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के आदेश दिए।
डीएम ने चेताया कि इस अभियान में लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। इस पर एआरटीओ संजय झा दल बल के साथ फतेहगढ़ चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने यहां मिले दो स्कूली बच्चों से भरे टेंपो सीज कर दिए। इसके बाद एआरटीओ दल बल के साथ आवास विकास कालोनी में पहुंचे। यहां तीन स्कूली बच्चों से भरे टेंपो मिले।
एआरटीओ ने स्कूली बच्चों को टेंपो से उतारकर दूसरे वाहनों में बैठाकर स्कूल भिजवाया। एआरटीओ ने तीनों टेंपो को सीज करके आवास विकास चौकी पर खड़ा करवा दिया। एआरटीओ संजय झा ने बताया कि ज्यादातर स्कूलों में अवकाश था। इससे सड़कों पर स्कूली बच्चों से भरे टेंपो कम दिखाई दिए। यह अभियान लगातार जारी रहेगा इसको लेकर पीटीओ वीके आनंद को कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।