फर्रुखाबाद। प्राइमरी की शिक्षा पाने के लिए जिला कारागार के 23 बंदियों का परिषदीय विद्यालय में दाखिला होगा। वह अर्द्धवार्षिक व वार्षिक परीक्षा भी देंगे। चयनित बंदियों का जेल के नजदीक विद्यालय में दाखिला कराने के लिए जिला कारागार अधीक्षक ने बीएसए को पत्र भेजा है।
बिना पढ़े-लिखे बंदियों को शिक्षित करने के लिए प्रदेश सरकार ने कवायद शुरू की है। बेसिक शिक्षा परिषद सचिव के आदेश पर शैक्षिक सत्र 2022-23 में बंदियों का परिषदीय विद्यालय में कक्षा पांच व आठ में दाखिला किया जाएगा। उनको पढ़ाया भी जाएगा।
परीक्षा में शामिल कर प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। सचिव के आदेश पर जिला कारागार फतेहगढ़ के अधीक्षक ने कक्षा पांच में दाखिला के लिए 13 और कक्षा आठ में दाखिला के लिए 10 बंदियों की सूची तैयार की है। उन्होंने बीएसए को पत्र के साथ सूची भेज कर जिला कारागार के नजदीक परिषदीय विद्यालय में बंदियों का कक्षा पांच व आठ में दाखिला कराने के लिए कहा है।