फर्रुखाबाद/अमृतपुर। बच्चों को स्कूल लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। बस में लगभग 40 बच्चे सवार थे। दो बच्चों को चोटें आईं। ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। बस चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
बुधवार सुबह जनपद शाहजहांपुर के कस्बा जलालाबाद के एक निजी स्कूल के बच्चों को लेकर बस जा रही थी। बस को मिर्जापुर थाना क्षेत्र के ग्राम थरिया निवासी चालक सुनील चला रहा था। अमृतपुर क्षेत्र के गांव नगला हूंसा के पास गुजर रही बस सड़क पर ब्रेकर होने तथा सामने से आई बाइक को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। बस पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने बस का शीश तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पर एसडीएम अमृतपुर रविंद्र सिंह, एएसपी डाॅ. संजय सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों को सूचना दी गई। घायल हुए दोनों बच्चों को उपचार के लिए राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया।
घायल बच्चों में ग्राम ढाई निवासी कक्षा 10 का छात्र आदित्य राजपूत व उसकी बहन दिव्यांशी राजपूत थी। ज्यादा चोट न होने से बच्चों को प्राथमिक उपचार देने के बाद परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
बच्चों ने बताया कि कोहरा होने के बावजूद चालक बस को तेज गति से चला रहा था। बस चालक सुनील ने बताया कि अचानक सामने से आई बाइक को बचाने के चक्कर में वह नियंत्रण खो बैठा। इस कारण हादसा हुआ।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है। दो बच्चों को चोट लगी थी। उपचार के बाद उनको परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है। चालक से पूछताछ की जा रही है। घायल बच्चों के पिता रोहित वर्मा ने बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।