फर्रुखाबाद। कानपुर में बैठक के बाद रविवार रात बाइक से राजेपुर घर जा रहे एसबीआई लाइफ शाखा के प्रबंधक व साथी को दबंगों ने हाईवे पर जमकर पीटा। बेहोशी की हालत में प्रबंधक को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है जबकि अन्य साथी फरार है।
राजेपुर कस्बा निवासी सतन कुमार (38) आवास विकास तिराहे स्थित एसबीआई लाइफ शाखा में प्रबंधक हैं। वह रविवार रात कानपुर में विभागीय मीटिंग के बाद साथी बक्सपुर जैनापुर निवासी धीरेंद्र प्रताप के साथ बाइक से घर जा रहे थे। वह जब पांचाल घाट से कुछ पहले हाईवे पर पहुंचे तो चढ़ रही बरात को बचाकर आगे निकलने लगे। इसी दौरान वहां खड़े कुछ दबंगों ने उन्हें पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। दबंगों ने इतना मारा कि वह हाईवे पर बेहोश हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया।
घायल प्रबंधक ने दो नामजद व अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष कपिल कुमार ने बताया कि किसी के बाइक लग गई थी। इसी के विवाद में मारपीट हुई है। हरदोई जिले के थाना पाली के गांव कनकापुर निवासी ब्रजेश कुमार को हिरासत में लेकर डॉक्टरी परीक्षण कराया है।