रोडवेज बस अड्डे पर लोहे के खोखे (बक्से) में उतरे करंट से चिपके बड़े भाई को बचाने के प्रयास में छोटे भाई की मौत हो गई। मृतक के शव को लोहिया अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।
जिला शाहजहांपुर थाना जलालाबाद के मोहल्ला युसूफजई निवासी अच्छन खां का बेटा समीर उर्फ रागिब (20) और सागिब शाहजहांपुर डिपो की अनुबंधित बस में हेल्पर है। गुरुवार की सुबह पहले सागिब फिर रागिब फर्रुखाबाद रोडवेज बस अड्डे पहुंचा।रोडवेज परिसर के पूर्वी गेट की ओर लोहे का खोखा रखा है। इस खोखे से पानी बोतलों की बिक्री की जाती है।
सागिब लोहे के खोखे के सहारे खड़ा हो गया, तभी खोखे में करंट उतरने के कारण वह चिपक गया। यह देख रागिब ने सागिब को धक्का देकर खोखे से अलग कर दिया लेकिन वह खोखे में चिपक गया। जब तक लोग रागिब को खोखे में आए करंट से छुड़ा पाते, तब तक उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। सूचना पर मृतक की मां गुलशनबानो, बहन अलीशा, भाई मेराज समेत परिवार के अन्य लोग मौके पर आ गए।
शव को लोहिया अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया। रागिब की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। अलीशा ने बताया कि उसके भाई रागिब और सागिब अनुबंधित बस में हेल्पर हैं। स्थानीय लोगों का कहना था कि बुधवार को भी लोहे के खोखे में करंट उतर आया था, जिस कारण दुकानदार जल्दी दुकान बंद करके घर चला गया था। दुकानदार ने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। इसके चलते यह घटना घट गई।