बजरंग ढाबा सील करने पहुंचे राजस्वकर्मियों के साथ मौजूद पुलिसबल
फर्रुखाबाद। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर सट्टा माफिया हसनैन के करीबी और गैंगस्टर सर्वेश पाल की पत्नी नीरज के नाम दर्ज 3.15 करोड़ रुपये के न्यू बजरंग फैमिली रेस्टोरेंट को बुधवार को सील कर दिया गया। तहसील प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ ढाबे पर पहुंचकर डुगडुगी पिटवाई और कुर्की की कार्रवाई की।
भोलेपुर फतेहगढ़ निवासी सर्वेश पाल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज है। उसकी पत्नी नीरज के नाम बरेली-इटावा हाईवे स्थित नरायनपुर में न्यू बजरंग फैमिली रेस्टोरेंट है। मऊदरवाजा थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने मामले की जांच कर सभी दस्तावेज डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी की अदालत में प्रस्तुत किए थे।
मंगलवार को सुनवाई के बाद कोर्ट ने रेस्टोरेंट को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए कुर्की के आदेश दिए। बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे प्रभारी तहसीलदार सनी कनौजिया, राजस्व टीम व पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों को बाहर निकाला और कुछ सामान हटवाया। डुगडुगी पिटवाकर जनता को जानकारी दी गई और बाद में रेस्टोरेंट पर सरकारी सील लगा दी गई।
अब तक गैंगस्टर सर्वेश पाल की 6.50 करोड़ और सट्टा माफिया हसनैन की 13.64 करोड़ की संपत्ति कुर्क हो चुकी है। इस कार्रवाई में फतेहगढ़ इंस्पेक्टर रणविजय सिंह भी मौजूद रहे।
2006 में बाबा ने मां के नाम खरीदी थी जमीन
गैंगस्टर सर्वेश पाल के बेटे राहुल पाल ने बताया कि उनके दादा ने 2006 में रिटायरमेंट के बाद यह जमीन उनकी मां नीरज के नाम खरीदी थी, जिस पर बाद में भवन बनवाया गया। ढाबे में काम करने वाले कर्मचारियों ने कुर्की पर चिंता जताते हुए कहा कि त्योहारों के समय नौकरी छिन जाना बड़ा झटका है।