मंडी शुल्क के विरोध में सातनपुर मंडी बंद
उप्र व्यापार मंडल ने आढ़तियों संग हुई बैठक में फैसला
नौ जुलाई से 11 जुलाई तक बंद रहेगी मंडी
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। देश के अधिकांश प्रदेशों में मंडी शुल्क खत्म होने के बावजूद प्रदेश में सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। मंडी के बाहर शुल्क माफ और अंदर ढाई फीसदी लगने से खफा आढ़तियों ने उप्र व्यापार मंडल के बैनर तले बैठक की। निर्णय लिया कि नौ जुलाई से तीन दिन कारोबार बंद रखा जाएगा।
व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण प्रकाश तिवारी उर्फ ददुआ के नेतृत्व में सातनपुर मंडी के आढ़तियों संग बैठक हुई। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार मंडी के अंदर कारोबार करने वाले आढ़तियों संग सौतेला व्यवहार कर रही है। देश के अधिकांश प्रदेशों ने मंडी शुल्क को माफ कर दिया है, जबकि यहां दो तरह के नियम बना दिए गए। मंडी के अंदर काम करने वाले को ढाई फीसदी मंडी शुल्क देना होगा, जबकि बाहर खरीद और बिक्री पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। यह फैसला मंडी के अंदर काम करने वालों के साथ अन्याय है। व्यापारी यह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने आढ़तियों से नौ, दस और ग्यारह जुलाई को तीन दिन मंडी में काम बंद रखने का आग्रह किया। इसका सभी आढ़तियों ने स्वागत किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष संजीव मिश्रा बाबी, संयुक्त महामंत्री प्रमोद गुप्ता के अलावा आढ़ती महावीर राजपूत, शिवस्वरूप मिश्रा, तेजराम वर्मा, राजू गुप्ता, श्रीनिवास गुप्ता, दिनेश चौधरी आदि थे।