संकिसा, नौगवां उपकेंद्र 20 दिन में न चालू हुए तो फर्म होगी ब्लैक लिस्टेड
फर्रुखाबाद। ऊर्जा मंत्री की वीडियो कॉन्फ्रेंस में जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर मुख्य अभियंता विद्युत कानपुर शेष कुमार बघेल ने जिले में निरीक्षण किया। पांच साल से बन रहे उपकेंद्र संकिसा व नौगमा का काम पूरा न होने पर कार्यदायी संस्था को चेतावनी दी है। कहा कि 20 दिन में काम पूरा न होने पर फर्म को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा और रिपोर्ट लिखाई जाएगी।
मुख्य अभियंता विद्युत ने बताया कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर जांच करने आए। संकिसा और नौगवां विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया था। इन दोनों उपकेंद्र 20 दिन में चालू न होने पर संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भूड़नगरिया व नीबकरोरी विद्युत उपकेंद्र के निरीक्षण में वहां गंदगी और उपकरण पड़े हुए मिले। एसडीओ को तीन दिन में सुधार करने और स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया है।
किसान फीडरों से 10 घंटे प्रतिदिन बिजली देने के एसडीओ को निर्देश दिए हैं। अगर दस घंटे से कम बिजली दी गई तो कार्रवाई की जाएगी। डिवीजन कार्यालय पहुंच कर अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें शहरी क्षेत्र में ट्रिपिंग समस्या को समाप्त करने के निर्देश दिए। उपकेंद्र पर लॉकबुक में बिजली सप्लाई बंद होने का कारण लिखने को कहा है।
जसमई, लकूला विद्युत उपकेंद्र के कुछ फीडरों पर लाइनलॉस ज्यादा है। उसको टीम बनाकर कम करने के लिए जेई को मुख्य अभियंता ने पाठ पढ़ाया। मुख्य अभियंता ने बताया कि वह खुद इन सभी कामों की निगरानी करेंगे। इस दौरान एक्सईएन शहरी आरबी यादव, एक्सईएन ग्रामीण हरवरन सिंह, एक्सईएन मीटर सुनील कुमार व एसडीओ मौजूद रहे।
नियम विरुद्घ लाइन बनाकर कनेक्शन देने की शिकायत
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के लोकोरोड मसेनी निवासी कमल सिंह ने कोल्ड स्टोरेज की गलत तरीके से लाइन बनाकर कनेक्शन देने की मुख्य अभियंता से शिकायत की है। उन्होंने दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि बाईपास रोड ढिलावल पर बने कोल्ड स्टोरेज परिसर की लाइन बनाने में विभागीय सामग्री का प्रयोग किया गया है। परिसर के अंदर से होते हुए मशीनरी रूम के पास 11 केवी की नंगी लाइन निकाल कर कनेक्शन दिया गया।
अजमतपुर और भाऊपुर बेवर रोड स्थित कोल्ड स्टोरेज में भी परिसर के अंदर विद्युत लाइन बनाने में विभागीय सामग्री का उपयोग किया गया है। तीनों कोल्ड स्टोरेज की विद्युत लाइन 15 प्रतिशत सुपरवीजन चार्जेज के आदेश पर बनाई गई। इसमें कोल्ड मालिका को खुद सामग्री खरीद कर लाइन बनवाने में लगानी थी, लेकिन मिली भगत से विभागीय सामग्री का उपयोग कर विद्युत लाइन बनवा दी गई है। इससे विभाग को चूना लगाया गया है। शिकायत कर्ता ने मुख्य अभियंता से जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
सौभाग्य से कराया कनेक्शन, बिजली चोरी में कर दी रिपोर्ट
फर्रुखाबाद। सौभाग्य योजना के तहत कनेक्शन कराने वाले छह लोगों के खिलाफ जेई ने बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने एक्सईएन ग्रामीण से की है। उन्होंने लाइनमैन के बताने पर जेई द्वारा रिपोर्ट लिखाने का आरोप लगाया है। इसकी जांच कराकर रिपोर्ट समाप्त कराने की मांग की है।
नवाबगंज क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी अहिलकार व पांच अन्य ग्रामीणों ने एक्सईएन ग्रामीण को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें कहा कि उसने गांव में सौभाग्य योजना के तहत करीब 24 से अधिक लोगों ने कनेक्शन 13 जुलाई 2020 को कराया था। कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने मीटर लगाकर केबल मेन लाइन से जोड़ी थी।
6 अगस्त को लाइनमैन गांव आए और केबल पड़े की वीडियो बनाकर ले गए। जिसके आधार पर जेई ने हम सभी लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। ग्रामीणों ने जांच कराकर रिपोर्ट समाप्त कराने की एक्सईएन ग्रामीण से मांग की है।