फोटो-23, नकली नोट दिखाता पकड़ा गया सफाई कर्मचारी। संवाद
फर्रुखाबाद। जिला जेल चौराहा स्थित गुटका (पान मसाला) गोदाम से गुटका खरीदने गए सफाई कर्मचारी को 500 रुपये के नकली नोट के साथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने सफाई कर्मचारी व शराब ठेके के सेल्समैन को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। शनिवार को जिला जेल चौराहा स्थित गोदाम पर 500 रुपये का जाली नोट लेकर गुटका खरीदने पहुंचे एक सफाई कर्मचारी को गोदाम संचालक ने पकड़ लिया।
सूचना पर पहुंची फतेहगढ़ पुलिस ने कर्मचारी सहित शराब ठेके के सेल्समैन को हिरासत में ले लिया है। सफाई कर्मचारी तिर्वा कोठी सिविल लाइन का रहने वाला है। उसकी तैनाती ग्रामसभा सुंदरपुर में है।
गोदाम मालिक ने बताया कि सफाई कर्मचारी ने उससे गुटके का पैकेट लिया और 500 का नोट दिया। जब नोट चेक किया तो वह नकली निकला।
पूछताछ में सफाई कर्मी ने बताया कि यह नोट उसे गुलशता कॉलोनी के सामने स्थित देसी शराब के ठेके पर बैठे एक सेल्समैन ने दिया था। सेल्समैन ने ही उसे थोक व्यापारी से गुटका लाने के लिए भेजा था।
फतेहगढ़ कोतवाली के उप निरीक्षक महेश ने सफाई कर्मचारी व सेल्समैन को हिरासत में ले लिया।
कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि 500 का नकली नोट पकड़े जाने के मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।