फोटो-15 स्टेडियम में शॉट मारता खिलाड़ी। स्रोत: आयोजक
फर्रुखाबाद। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही 15वीं एफसीएल प्रतियोगिता के तहत सीनियर वर्ग का सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। पहले सेमीफाइनल में संगम क्लब फर्रुखाबाद ने आलराउंडर इलेवन फतेहगढ़ को 108 रनों से पराजित कर फाइनल में जगह बना ली।
संगम इलेवन के कप्तान डॉ. अमित सक्सेना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शुरुआत में टीम के दो विकेट मात्र 14 रन पर गिर गए लेकिन अभिनव पाल ने मोर्चा संभालते हुए सात चौके और तीन छक्कों की मदद से 86 रन की नाबाद पारी खेली। प्रथम साध ने 22 और सात्विक ने 16 रन जोड़े। टीम ने 25 ओवर में 159 रन बनाए। आलराउंडर इलेवन के गेंदबाज विकास कुशवाह ने 44 रन देकर पांच विकेट लिए। निशांत ने तीन खिलाड़ियों को पवेलियन की राह दिखाई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आलराउंडर इलेवन की टीम 12 ओवर में 51 रन पर ढेर हो गई। संगम इलेवन की ओर से धीरेंद्र, अमित सक्सेना ने तीन-तीन विकेट, तनुज यादव ने दो और कुनाल राजपूत ने एक विकेट लिया। शानदार प्रदर्शन पर अभिनव पाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मोहनलाल ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मैच में अंपायरिंग प्रमोद कुमार शुक्ला और रफीकुल अंसारी ने की। स्कोरिंग की जिम्मेदारी सुहानी राठौर ने निभाई।