फर्रुखाबाद। स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में सोमवार को फर्रुखाबाद क्रिकेट लीग (एफसीएल) के तहत हुए मैच में एकतरफा मुकाबला देखने को मिला। संगम क्लब ए को 46 रनों पर समेटकर लायंस क्लब ने सात विकेट से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
अंडर-19 आयु वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में संगम क्लब ए पहले बल्लेबाजी करने उतरी। लायंस क्लब के गेंदबाजों ने पहले ओवर से ही बल्लेबाजों पर कहर बरपाना शुरू कर दिया। दूसरे ओवर में गेंदबाजों ने तीन खिलाड़ियों को पवेलियन भेज दिया। बल्लेबाजों ने काफी संभलकर खेलने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम साबित हुए। एक समय टीम 16 रन पर नौ विकेट खो चुकी थी।
अंतिम के खिलाड़ियों ने दसवें विकेट के लिए 30 रन जोड़े, जिससे टीम 46 रन बना सकी। लायंस क्लब के गेंदबाज अभय कुमार ने पांच रन देकर पांच विकेट और निहाल पटेल ने नौ रन देकर चार विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लायंस क्लब ने तीन विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। अमरदीप ने 28 और सुमित ने दस रन बनाए। अभय कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंपायरिंग प्रमोद कुमार, धीरेंद्र कुमार ने की। स्कोरर सुहानी राठौर रहीं। इस अवसर पर जिला क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह यादव व जिला क्रिकेट एसोसिएशन सचिव मोहनलाल अग्रवाल मौजूद रहे।